1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. शेयर मार्केट में लगातार दूसरे दिन शानदार तेजी, सेंसेक्स लंबे समय बाद 311 उछलकर 60 हजार के पार बंद, बैंकिंग स्टाॅक में बंपर उछाल

शेयर मार्केट में लगातार दूसरे दिन शानदार तेजी, सेंसेक्स लंबे समय बाद 311 उछलकर 60 हजार के पार बंद, बैंकिंग स्टाॅक में बंपर उछाल

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 11, 2023 03:35 pm IST,  Updated : Apr 11, 2023 04:49 pm IST

आज के कारोबार में बैंकिंग स्टाॅक्स में अच्छी तेजी दर्ज की गई। सबसे अधिक 4.64 फीसदी की तेजी कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में देखने को मिली। कोटक का शेयर 1840 रुपये पर बंद हुआ। रिजल्ट सीजन शुरू होने के साथ कई कंपनियों के स्टाॅक में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है।

शेयर मार्केट- India TV Hindi
शेयर मार्केट Image Source : PTI

शेयर मार्केट में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को अच्छी तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स अंक 311.21 उछलकर 60,152.24 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 99.20 अंक की तेजी के साथ 17,723.25 अंक पर बंद हुआ। आज के कारोबार में बैंकिंग स्टाॅक्स में अच्छी तेजी दर्ज की गई। सबसे अधिक 4.64 फीसदी की तेजी कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में देखने को मिली। कोटक का शेयर 1840 रुपये पर बंद हुआ। रिजल्ट सीजन शुरू होने के साथ कई कंपनियों के स्टाॅक में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। मार्केट एक्सपर्ट का मनना है कि चैथी तिमाही में कंपनियों की अच्छी आमदनी रह सकती है। कंपनियों का मुनाफा 15 फीसदी के आसपास रहने की उम्मीद है। 

निफ्टी की आज ऐसी रही चाल 

Nifty
Image Source : NSEनिफ्टी

वैश्विक बाजार से भी समर्थन मिला

वैश्विक बाजारों में तेजी और विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने के बीच धातु, बैंक और वित्तीय शेयरों में अच्छी लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 311.21 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,157.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 421.17 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 98.25 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,722.30 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, विप्रो और टाटा मोटर्स नुकसान में रहने वाले शेयरों में शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी रही।

परिणाम बेहतर रहने तथा कारोबार बढ़ने की उम्मीद

अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त में रहे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर सूचकांकों ने मजबूती दिखाई और सकारात्मक दायरे में रहे। कंपनियों के तिमाही परिणाम बेहतर रहने तथा कारोबार बढ़ने की उम्मीद में मुख्य रूप से बैंक तथा वाहन शेयरों में तेजी से बाजार लाभ में रहा। अमेरिका में मुद्रास्फीति के आंकड़े के साथ फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे से वैश्विक बाजारों के रुख पर प्रभाव पड़ सकता है।’’ इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत चढ़कर 84.53 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सोमवार को 882.52 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा