जकार्ता: वनतारा और इंडोनेशिया ने वन्यजीवों के स्वास्थ्य और संरक्षण के लिए एक बड़ी साझेदारी शुरू की है। इंडोनेशिया के वन मामलों के मंत्री राजा जूली एंटोनी ने वनतारा के साथ वन्यजीव स्वास्थ्य और स्थानीय संरक्षण के लिए कई नई पहलों की घोषणा की है, जिनमें कैपेसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग, हॉस्पिटल ऑन व्हील्स और अपग्रेटेड वे कंबस एलीफेंट हॉस्पिटल शामिल हैं।
आज जकार्ता में इंडोनेशिया के वन मामलों के मंत्री, राजा जुली एंटोनी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंडोनेशिया में वन्यजीवों के स्वास्थ्य और उनके प्राकृतिक आवास में संरक्षण (इन-सीटू कंजर्वेशन) के प्रयासों को बड़े पैमाने पर बढ़ाने की घोषणा की है।
इस कार्यक्रम को 'वनतारा' का भी सहयोग मिल रहा है, जो दुनिया की सबसे बड़ी वन्यजीव संरक्षण पहलों में से एक है। इसे रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने इंडोनेशिया की जानी-मानी वाइल्डलाइफ संस्था 'PT Fauna Land Group' के साथ मिलकर शुरू किया है।
राजा जुली एंटोनी ने ये भी कहा, "वन्यजीवों का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है और हमें यह पक्का करना होगा कि इंडोनेशिया के पास ऐसी सुविधाएं, विशेषज्ञता और संसाधन हों जिनसे हम अपने वन्यजीवों की देखभाल कर सकें। इस साझेदारी के जरिए हम वन्यजीवों के स्वास्थ्य और संरक्षण से जुड़े अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रहे हैं, जिसमें वनतारा अपने अनुभव, विशेषज्ञता और संसाधनों से हमारी मदद कर रहा है।"
एंटोनी ने ये भी बताया कि इसमें सभी सुविधाओं और कार्यक्रमों का मालिकाना हक, संचालन और प्रबंधन इंडोनेशिया सरकार और हमारे संबंधित अधिकारियों के पास होगा, ताकि यह पक्का किया जा सके कि वे आने वाली पीढ़ियों के लिए इंडोनेशिया की संरक्षण प्राथमिकताओं और हमारे वन्यजीवों की सेवा कर सकें।
वनतारा के CEO ने क्या बताया?
वनतारा के CEO विवान करानी ने कहा, "हम इंडोनेशिया सरकार और अपने सहयोगियों के आभारी हैं कि उन्होंने हम पर भरोसा किया और हमें इंडोनेशिया में वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों में योगदान देने का मौका दिया। इंडोनेशिया दुनिया की कुछ सबसे अनोखी जैव-विविधता का घर है, और वनतारा को गर्व है कि वह आने वाली पीढ़ियों के लिए इस प्राकृतिक धरोहर को बचाने में देश का सहयोग कर रहा है। वनतारा ने वन्यजीवों के स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, पशुपालन और संरक्षण के क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता हासिल की है, और हमें खुशी है कि हम उस अनुभव को इंडोनेशिया के साथ साझा कर रहे हैं। हम देश के संरक्षण से जुड़े व्यापक अनुभव से सीखने के लिए भी उत्सुक हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम चाहते हैं कि यह साझेदारी वन्यजीवों के लिए कुछ व्यावहारिक और स्थायी परिणाम दे।"
Faunaland के CEO डैनी गुनालेन ने क्या बताया?
Faunaland के CEO डैनी गुनालेन ने बताया, "इंडोनेशिया में अद्भुत वन्यजीव और जैव-विविधता है, और इस प्राकृतिक धरोहर की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमें खुशी है कि हम इंडोनेशिया सरकार और वनतारा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और देश भर में वन्यजीवों की सेहत और देखभाल को बेहतर बनाने के लिए अपने-अपने अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि यह साझेदारी स्थानीय क्षमता को बढ़ाएगी, वन्यजीवों के लिए उपलब्ध बुनियादी ढांचे को मज़बूत करेगी और सबसे जरूरी बात यह है कि इससे जानवरों और उनकी सुरक्षा के लिए समर्पित लोगों के जीवन में वास्तविक और स्थायी बदलाव आएगा।"
उन्होंने बताया कि ये प्रोग्राम इंडोनेशिया के वाइल्डलाइफ हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और फील्ड क्षमताओं को मजबूत करेगा। इसके तहत वनतारा, इंडोनेशियाई अधिकारियों के नेतृत्व वाले प्रोग्राम्स में स्पेशलिस्ट वेटेरिनरी विशेषज्ञता, तकनीकी सहायता, इंफ्रास्ट्रक्चर में मदद और क्षमता निर्माण जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा।
क्या-क्या पहलें होगीं?
घोषित की गई मुख्य पहलों में इंडोनेशिया में वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े हाथी देखभाल करने वालों, पशु चिकित्सकों और अन्य अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण; इंडोनेशिया में जंगली जानवरों की जरूरतों को उनकी जगह पर ही पूरा करने के लिए '10 हॉस्पिटल ऑन व्हील्स' (चलते-फिरते अस्पताल); और वे कंबस हाथी अस्पताल को आधुनिक उपकरणों, औज़ारों और तकनीकों से लैस 'हाथी उपचार और देखभाल केंद्र' में अपग्रेड करना शामिल है। अपग्रेड किया गया अस्पताल इंसानों की देखरेख में रह रहे 62 सुमात्रा के हाथियों और आस-पास के इलाकों में रहने वाले लगभग 100 जंगली सुमात्रा के हाथियों की मदद करेगा।
ये पहलें इंडोनेशिया सरकार और वनतारा के बीच मौजूदा समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत व्यापक सहयोग का हिस्सा हैं। जो वन्यजीव स्वास्थ्य, पशु कल्याण और संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक ढांचा प्रदान करता है। इस समझौता ज्ञापन के तहत, दोनों पक्षों ने इंडोनेशिया की राष्ट्रीय संरक्षण प्राथमिकताओं के अनुरूप सहयोग के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की है।

वनतारा, इंडोनेशिया सरकार, संबंधित राष्ट्रीय संस्थानों और 'Fauna Land' के साथ मिलकर पशु चिकित्सा, पशु देखभाल और संरक्षण से जुड़ी अपनी विशेषज्ञता, तकनीकी क्षमताओं, बुनियादी ढांचे के सहयोग और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के जरिए योगदान देगा। इस व्यापक सहयोग में वन्यजीवों के स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा देखभाल, इन-सिटू (प्राकृतिक आवास में) और एक्स-सिटू (प्राकृतिक आवास के बाहर) संरक्षण, पशु कल्याण, संरक्षण प्रजनन, पुनर्वास, रीवाइल्डिंग (जंगल में वापस बसाना) और क्षमता निर्माण के साथ-साथ आपसी सहमति वाले सहयोग के अन्य क्षेत्र भी शामिल हैं।
वनतारा के बारे में जानिए
वनतारा को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी द्वारा स्थापित किया गया है। वनतारा पशु कल्याण और संरक्षण को समर्पित संगठन है। भारत के गुजरात राज्य के जामनगर स्थित इसकी सुविधा केंद्र में चलाए जा रहे इसके बाह्य पशु चिकित्सा कार्यक्रमों में बचाव, पुनर्वास, उपचार और आवश्यकता पड़ने पर दीर्घकालिक देखभाल शामिल है।
इन कार्यक्रमों को उन्नत पशु चिकित्सा, प्रजाति-विशिष्ट पोषण, विशेष अवसंरचना और बहु-विषयक टीमों का सहयोग प्राप्त है। वनतारा वैश्विक स्तर पर वन्यजीव कल्याण और संरक्षण प्रयासों को समर्थन देने वाले सहयोग और साझेदारियों के माध्यम से पशु स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा देखभाल और पशुपालन में अपनी विशेषज्ञता का विस्तार कर रहा है।
वनतारा भारत और दुनियाभर में उपयुक्त प्राकृतिक आवासों में 'रीवाइल्डिंग' (जानवरों को वापस जंगल में बसाने) के ज़रिए, व्यवहार्य आबादी को भविष्य में फिर से स्थापित करने में मदद करने के लिए संरक्षण-प्रजनन कार्यक्रम भी चलाता है। इसका 'इन-सीटू' (प्राकृतिक आवास में) संरक्षण कार्य, भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरकारी अधिकारियों, संरक्षण संस्थाओं और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर, स्थानीय प्रजातियों और उनके आवास को बहाल करने, स्थानीय समुदाय को शामिल करने और इंसानों व जंगली जानवरों के बीच टकराव को कम करने में मदद करता है।
Fauna Land के बारे में जानिए
फ़ौना लैंड इंडोनेशिया की एक प्रमुख वन्यजीव संस्था है जो वन्यजीव संरक्षण, पशु कल्याण और इंडोनेशिया की जैव-विविधता की सुरक्षा के लिए काम करती है। वन्यजीवों की देखभाल, संरक्षण और फील्ड-आधारित कार्यक्रमों के अनुभव के साथ, Fauna Land सरकारी अधिकारियों, संरक्षण संस्थाओं और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पूरे इंडोनेशिया में वन्यजीवों की सुरक्षा और कल्याण को मजबूत करने का काम करती है।
इससे पहले अनंत अंबानी ने कोलंबिया से 80 दरियाई घोड़ों की जान बचाने की अपील की थी और वनतारा में आजीवन घर देने का प्रस्ताव रखा था।
ये भी पढ़ें-