प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर दिया। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते मेरठ से प्रयागराज की यात्रा सिर्फ 6 घंटे में पूरी हो जाएगी, जिसमें अभी 10 से 12 घंटे लगते हैं। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में मेरठ से शुरू होगा और हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज में खत्म होगा। यूपी के 12 जिलों को जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 594 किमी है। इस एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों के लिए 120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति सीमा तय की गई है। ये 6 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जिसे जरूरत पड़ने पर भविष्य में 8 लेन का भी बनाया जा सकता है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर FASTag Annual Pass चलेगा या नहीं
गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठने शुरू हो गए हैं। लोग जानना चाहते हैं कि गंगा एक्सप्रेसवे पर Fastag Annual Pass चलेगा या नहीं? बताते चलें कि गंगा एक्सप्रेसवे पर फास्टैग एनुअल पास नहीं चलेगा। फास्टैग एनुअल पास सिर्फ नेशनल हाईवे यानी राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए ही मान्य है। गंगा एक्सप्रेसवे एक स्टेट एक्सप्रेसवे है, जिसका नियंत्रण यूपी सरकार के पास है। इसलिए, इस एक्सप्रेसवे पर फास्टैग एनुअल पास मान्य नहीं होगा, यानी इस पर फास्टैग एनुअल पास नहीं चलेगा।
किन गाड़ियों को कितना देना होगा टोल टैक्स
गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरने के लिए आपको अच्छा-खासा टोल टैक्स भी चुकाना होगा। गंगा एक्सप्रेसवे पर सिर्फ कार और बड़ी गाड़ियों को ही नहीं बल्कि टू-व्हीलर्स को भी टोल का भुगतान करना होगा। मेरठ से प्रयागराज तक टू-व्हीलर्स को 1.28 प्रति किमी के हिसाब से कुल 760 रुपये, कार को 2.55 रुपये प्रति किमी की दर से कुल 1515 रुपये, हल्के वाणिज्यिक वाहनों को 4.05 रुपये प्रति किमी की दर से कुल 2405 रुपये, बस और ट्रक को 8.20 रुपये प्रति किमी की दर से कुल 4870 रुपये, मल्टी एक्सल गाड़ियों को 12.60 रुपये प्रति किमी की दर से कुल 7485 रुपये और 7 से ज्यादा एक्सल वाली गाड़ियों को 16.10 रुपये प्रति किमी की दर से कुल 9560 रुपये का टोल टैक्स चुकाना होगा।