1. Hindi News
  2. पैसा
  3. गैजेट
  4. 4G डाउनलोड स्पीड में Jio ने फि‍र मारी बाजी, मार्च में वोडाफोन की अपलोड स्‍पीड रही सबसे ज्‍यादा

4G डाउनलोड स्पीड में Jio ने फि‍र मारी बाजी, मार्च में वोडाफोन की अपलोड स्‍पीड रही सबसे ज्‍यादा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 22, 2019 05:51 pm IST,  Updated : Apr 22, 2019 05:51 pm IST

ट्राई द्वारा औसत स्पीड की गणना आंकड़ों के आधार पर की जाती है। यह आंकड़े वास्तविक समय के आधार पर ट्राई के माईस्पीड एप्लिकेशन की मदद से एकत्र किए जाते हैं।

Jio tops 4G download, Vodafone upload speed in March- India TV Hindi
Jio tops 4G download, Vodafone upload speed in March Image Source : RELIANCE JIO

नई दिल्‍ली। देश में हाई-स्पीड 4जी डाउनलोड स्पीड उपलब्ध कराने के मामले में रिलायंस जियो सबसे आगे रही। मार्च महीने में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 22.2 एमबीपीएस (मेगाबाइट पर सेकेंड) रही। फरवरी महीने में उसकी स्पीड 20.9 एमबीपीएस थी। 

दूरसंचार नियामक ट्राई के आंकड़ों के अनुसार अपलोड स्पीड के मामले में वोडाफोन ने एक बार फिर से बाजी मारी है। उसकी औसत अपलोड स्पीड 6.0 एमबीपीएस दर्ज की गई। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों के अनुसार, भारती एयरटेल की डाउनलोड स्पीड फरवरी में 9.4 एमबीपीएस से गिरकर मार्च में 9.3 एमबीपीएस रही। यह लगातार दूसरा महीना है जब एयरटेल की 4जी डाउनलोड स्पीड कम हुई है। 

वोडाफोन नेटवर्क की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड मार्च महीने में मामूली सुधरकर 7.0 एमबीपीएस हो गई है। फरवरी में यह 6.8 एमबीपीएस थी। आइडिया की 4जी डाउनलोड स्पीड फरवरी में 5.7 एमबीपीएस से मार्च में गिरकर 5.6 एमबीपीएस रह गई। 

वहीं, अपलोड स्पीड के मामले में वोडाफोन एक बार फिर शीर्ष पर रही। वोडाफोन की 4जी अपलोड स्पीड मार्च महीने में 6.0 एमबीपीएस दर्ज की गई। फरवरी में भी उसकी अपलोड स्पीड 6.0 एमबीपीएस ही थी। 

आइडिया और एयरटेल नेटवर्क की औसतन 4जी अपलोड स्पीड में मामूली गिरावट देखी गई। मार्च में आइडिया की 4जी अपलोड स्पीड 5.5 एमबीपीएस और एयरटेल की 3.6 एमबीपीएस रही। 

मार्च महीने में जियो की 4जी अपलोड स्पीड 4.6 एमबीपीएस दर्ज की गई जो इससे पिछले महीने 4.5 एमबीपीएस थी। ट्राई द्वारा औसत स्पीड की गणना आंकड़ों के आधार पर की जाती है। यह आंकड़े वास्तविक समय के आधार पर ट्राई के माईस्पीड एप्लिकेशन की मदद से एकत्र किए जाते हैं। 

उल्लेखनीय है कि वोडाफोन और आइडिया का विलय हो गया है और वे अब वोडाफोन आइडिया के रूप में काम कर रहे हैं लेकिन, ट्राई ने दोनों नेटवर्क की डाउनलोड, अपलोड स्पीड को अलग-अलग दिखाया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Gadgets से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा