Dhoot Transmission IPO: गाड़ियों के कलपुर्जे (Spare Parts) बनाने वाली कंपनी धूत ट्रांसमिशन ने आईपीओ के माध्यम से फंड्स जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास अपडेटेड ड्राफ्ट पेपर्स जमा किए हैं। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास शुक्रवार को जमा किए गए आईपीओ दस्तावेज के मुताबिक, प्रस्तावित आईपीओ के तहत 1400 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रोमोटर और मौजूदा शेयरहोल्डर ओएफएस के जरिए 1,63,00,000 तक इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे। ओएफएस के तहत अमेरिका की बैन कैपिटल अपनी सहयोगी कंपनी बीसी एशिया इंवेस्टमेंट्स एक्सवी लिमिटेड के माध्यम से लगभग 1.32 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी, जबकि मंगलम कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में मंगलम कॉइल्स प्राइवेट लिमिटेड) 31.18 लाख शेयरों की बिक्री करेगी।
आईपीओ से आए पैसों का कहां इस्तेमाल करेगी कंपनी
धूत ट्रांसमिशन नए शेयरों के इश्यू से जुटाई गई राशि में से 493.9 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने कर्ज भुगतान में करेगी। वहीं, 272.58 करोड़ रुपये उसकी सब्सिडरी कंपनियों धूत ऑटोकंपोनेंट्स, धूत इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स, धूत ऑटोमोटिव सिस्टम्स और धूत ट्रांसमिशन यूके लिमिटेड के कर्ज चुकाने में लगाए जाएंगे। साल 1999 में स्थापित धूत ट्रांसमिशन महत्वपूर्ण 'वायरिंग हार्नेस' का डिजाइन, मैन्यूफैक्चरिंग और सप्लाई करती है, जो इलेक्ट्रॉनिक सेंसर और कंट्रोलर, स्विच, टर्मिनल, कनेक्टर, जंक्शन बॉक्स, हाई वोल्टेज इंटरकनेक्शन सिस्टम और डेटा केबल को इंटीग्रेट करने का काम करते हैं।
इन दो कंपनियों को भी आईपीओ लाने की मिली मंजूरी
धूत ट्रांसमिशन के अलावा, फार्मा कंपनी कोटेक हेल्थकेयर और ज्यूलरी कंपनी दीपा ज्यूलर्स को भी सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी मिल गई है। सेबी ने शुक्रवार को ये जानकारी दी थी। कोटेक हेल्थकेयर ने सितंबर 2025 में और दीपा ज्यूलर्स ने दिसंबर 2025 में अपने ड्राफ्ट पेपर (DRHP) दाखिल किए थे। दोनों कंपनियों को 18 मई, 2026 को सेबी की टिप्पणियां प्राप्त हुई, जिसे आईपीओ लाने की मंजूरी माना जाता है। कोटेक हेल्थकेयर का आईपीओ 295 करोड़ रुपये तक के नए शेयर निर्गम के साथ-साथ 60 लाख शेयरों के ओएफएस का प्रस्ताव है। दीपा ज्यूलर्स का आईपीओ 250 करोड़ रुपये के नए इश्यू और 1,18,48,340 शेयरों के ओएफएस का संयोजन है।