मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में इस हफ्ते लगातार तीसरे दिन तेजी का रुख कायम है, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब पहुंच गया है। निफ्टी ने आज 10,110.20 के ऊपरी स्तर को छुआ है जो रिकॉर्ड स्तर के बेहद करी है, पिछले महीने निफ्टी ने 10,137.85 की रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ था। निफ्टी के साथ आज सेंसेक्स में भी बढ़त बनी हुई है, फिलहाल सेंसेक्स 32,230 पर कारोबार कर रहा है। जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की भारत यात्रा से पहले शेयर बाजार में उछाल बना हुआ है।
जिन शेयरों में आज सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है उनमें टाटा पावर, रिलायंस इंडस्ट्री, सन फार्मा, टेक महिंद्रा और डॉ रेड्डी सबसे आगे हैं। टाटा पावर का शेयर करीब 6.23 फीसदी की मजबूती के साथ 86 रुपए के ऊपर बना हुआ है जबकि रिलायंस इंडस्ट्री का शेयर 2.54 फीसदी की मजबूती के साथ 844.70 पर कारोबार कर रहा है, सन फार्मा और टेक महिंद्रा मे करीब 2 फीसदी की बढ़त है जबकि डॉ रेड्डी में डेढ़ फीसदी से ज्यादा की तेजी है।
इस तेजी में कुछ कंपनियां ऐसी भी है जिनके शेयरों में गिरावट देखी जा रही है। आईटीसी, लार्सन एंड टूब्रो, एचडीएफसी और आयसर मोटर्स के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी जा रही है। आईटीसी का शेयर 1.22 फीसदी घटकर 274.25 पर कारोबार कर रहा है।