1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. मांग बढ़ने से सोना हुआ 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम, चांदी में आई 125 रुपए प्रति किग्रा की गिरावट

मांग बढ़ने से सोना हुआ 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम, चांदी में आई 125 रुपए प्रति किग्रा की गिरावट

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Nov 10, 2017 04:40 pm IST,  Updated : Nov 10, 2017 04:40 pm IST

मांग को पूरा करने के लिए स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की खरीदारी से आज दिल्‍ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 80 रुपए उछलकर 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई।

मांग बढ़ने से सोना हुआ 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम, चांदी में आई 125 रुपए प्रति किग्रा की गिरावट- India TV Hindi
मांग बढ़ने से सोना हुआ 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम, चांदी में आई 125 रुपए प्रति किग्रा की गिरावट

नई दिल्‍ली। सकारात्‍मक वैश्विक रुख के साथ ही साथ शादी-ब्‍याह के सीजन में मांग को पूरा करने के लिए स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की खरीदारी से आज दिल्‍ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 80 रुपए उछलकर 30,530 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई। इसके विपरीत औद्योगिक इकाइयों की ओर से मांग घटने की वजह से आज चांदी 125 रुपए कमजोर होकर 40,575 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।

कारोबारियों का कहना है कि विदेशों में सोने के प्रति सकारात्‍मक रुख के अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्‍थानीय स्‍वर्ण आभूषण निर्माताओं और विक्रेताओं की खरीदारी बढ़ने से पीली धातु की कीमतों को समर्थन मिला है। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर, कल न्‍यूयॉर्क में सोना अमेरिका में टैक्‍स सुधार में अनिश्चितता के चलते 0.21 प्रतिशत की वृद्धि के साथ तीन हफ्ते के उच्‍चतम स्‍तर 1283.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 80-80 रुपए बढ़कर क्रमश: 30,530 रुपए और 30,380 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई। हालांकि गिन्‍नी का भाव 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम के स्‍तर पर स्थिर रहा। चांदी तैयार का भाव 125 रुपए घटकर 40,575 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्‍ताहिक डिलीवरी का भाव 110 रुपए घटकर 39,660 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया। हालांकि चांदी सिक्‍कों का भाव लिवाल 74,000 और बिकवाल 75,000 प्रति सैकड़ा पर ही स्थिर बना रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा