1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे बढ़कर 73.38 पर पहुंचा

शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे बढ़कर 73.38 पर पहुंचा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 30, 2021 10:53 am IST,  Updated : Aug 30, 2021 12:03 pm IST

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा में रुपया डॉलर के मुकाबले 73.46 पर खुला, फिर अपने पिछले बंद के मुकाबले 31 पैसे बढ़कर 73.38 पर पहुंच गया। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.69 पर बंद हुआ था।

डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे की बढ़त के बाद 73.38 पर पहुंच गया- India TV Hindi
डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे की बढ़त के बाद 73.38 पर पहुंच गया Image Source : FILE

नई दिल्ली: घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे बढ़कर 73.38 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 73.46 पर खुला, और फिर अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 31 पैसे बढ़कर 73.38 पर पहुंच गया। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.69 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.62 पर था। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.08 प्रतिशत बढ़कर 72.76 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 

सेंसेक्स 400 अंक से अधिक चढ़कर सर्वकालिक उच्च स्तर पर, निफ्टी 16,800 के पार

वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी और बजाज फाइनेंस जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 400 अंक से अधिक चढ़ा। इस दौरान सेंसेक्स 56,527.81 के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छूने के बाद खबर लिखे जाने तक 376.65 अंक या 0.67 प्रतिशत बढ़कर 56,501.37 पर था। 

इसी तरह व्यापक एनएसई निफ्टी 100.95 अंक या 0.60 प्रतिशत बढ़कर 16,806.15 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी टाइटन में हुई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, एमएंडएम, मारुति, एलएंडटी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक में गिरावट देखने को मिली।

पिछले सत्र में बीएसई सेंसेक्स 175.62 अंक या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 56,124.72 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 68.30 अंक या 0.41 प्रतिशत बढ़कर 16,705.20 पर बंद हुआ। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 778.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.36 प्रतिशत बढ़कर 72.96 डॉलर प्रति बैरल पर था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा