Saturday, March 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में जारी गिरावट का सिलसिला, निफ्टी 11,150 के नीचे बंद

शेयर बाजार में जारी गिरावट का सिलसिला, निफ्टी 11,150 के नीचे बंद

Edited by: India TV Paisa Desk Published : Sep 23, 2020 03:48 pm IST, Updated : Sep 23, 2020 03:58 pm IST

फार्मा सेक्टर इंडेक्स 1.73 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं, सरकारी बैंकों के इंडेक्स में 1.37 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। आईटी सेक्टर और मेटल सेक्टर में करीब 0.3 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।

बाजार में लगातार...- India TV Paisa
Photo:GOOGLE

बाजार में लगातार पांचवे दिन गिरावट

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। आज लगातार पांचवे दिन शेयर बाजार नुकसान के साथ बंद हुआ है। हालांकि बुधवार को दर्ज हुई गिरावट सीमित ही रही है। सोमवार के कारोबार में सेंसेक्स 66 अंक की गिरावट के साथ 37,668 के स्तर पर और निफ्टी 22 अंक की गिरावट के साथ 11,132 के स्तर पर बंद हुआ। आज के कारोबार में फार्मा सेक्टर में दबाव देखने को मिला है। प्रमुख इंडेक्स में आई गिरावट दिग्जज स्टॉक में गिरावट की वजह से दर्ज हुई है। भारती एयरटेल का स्टॉक आज 8 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ है। 

आज के कारोबार में फार्मा सेक्टर इंडेक्स 1.73 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं, सरकारी बैंकों के इंडेक्स में 1.37 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। आईटी सेक्टर और मेटल सेक्टर में करीब 0.3 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है। दूसरी तरफ रियल्टी सेक्टर इंडेक्स में 0.76 फीसदी, प्राइवेट सेक्टर बैंक में 0.51 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। इसके साथ ही बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, एफएमसीजी सेक्टर इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए हैं। हालांकि इनमें बढ़त आधा फीसदी से कम दर्ज हुई है। इसके साथ ही भविष्य को लेकर निवेशकों के मन में अनिश्चितता के बारे में जानकारी देने वाला वॉलिटिलिटी इंडेक्स आज 2.45 फीसदी गिरा है।  

निफ्टी में शामिल 31 स्टॉक्स आज गिरावट के साथ बंद हुए हैं, इसमें से 10 स्टॉक्स में 2 फीसदी से ज्यादा और 4 स्टॉक्स में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही है। इसमें भारती इंफ्राटेल 8.26 फीसदी, भारती एयरटेल 8.16 फीसदी, टाटा स्टील 3.47 फीसदी और ज़ी इंटरटेनमेंट 3.25 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है। दूसरी तरफ सबसे ज्यादा बढ़ने वाले स्टॉक्स में एक्सिस बैंक 2.43 फीसदी और कोल इंडिया 2.38 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है।

विदेशी बाजारों में आज बढ़त का रुख देखने को मिला है। यूरोपियन बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखने को मिली है। शुरुआती कारोबार में इंग्लैंड के बाजार में 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई, वहीं जर्मनी और फ्रांस के बाजार में 1.5 फीसदी से ज्यादा की बढ़त रही। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.17 फीसदी और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग 0.11 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। दूसरी तरफ जापान के निक्केई में मामूली गिरावट रही।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement