1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स में 500 से अधिक अंक की उछाल, निफ्टी 15,100 के पार

शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स में 500 से अधिक अंक की उछाल, निफ्टी 15,100 के पार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 25, 2021 11:30 am IST,  Updated : Feb 25, 2021 11:30 am IST

विदेशी संस्थागत निवेशकों की जोरदार लिवाली से बृहस्पतिवार को बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में 500 अंक से अधिक उछल गया।

Sensex- India TV Hindi
Sensex Image Source : AP

मुंबई। विदेशी संस्थागत निवेशकों की जोरदार लिवाली से बृहस्पतिवार को बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में 500 अंक से अधिक उछल गया। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इन्फोसिस जैसी कंपनियों में खरीदारी का जोर रहा। कारोबारियों के मुताबिक वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख का भी घरेलू बाजार को समर्थन मिला। 

बीएसई का 30-शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के शुरुआती दौर में 528.28 अंक यानी 1.04 प्रतिशत उछलकर 51,309.97 अंक पर पहुंच गया। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 161.45 अंक यानी 1.08 प्रतिशत बढ़कर 15,143.45 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एक्सिस बैंक में सबसे ज्यादा करीब तीन प्रतिशत की बढ़त रही। उसके बाद इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी, कोटक बैंक, स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इन्फोसिस के शेयरों में भी बढ़त रही। इसके विपरीत नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और टेक महिन्द्रा के शेयरों में गिरावट का रुख रहा। 

पिछले कारोबारी सत्र में बीएसई सेंसेक्स 1,030.28 अंक यानी 2.07 प्रतिशत के उछाल के साथ 50,781.69 अंक और निफ्टी 274.20 अंक यानी 1.86 प्रतिशत बढ़कर 14,982 अंक पर बंद हुआ था। शेयर बाजार के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को बाजार में 28,739.17 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, हांग कांग, दक्षिण कोरिया का सोल और जापान का टोक्यो बाजार अच्छी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इस बीच वैश्विक बेंचकमार्क ब्रेंट क्रूड तेल का भाव 0.17 प्रतिशत बढ़कर 66.29 डालर प्रति बैरल पर चल रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा