1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Exit Poll ने शेयर बाजार में भरा बारूद, सेंसेक्स 2507 अंक उछला, निवेशकों ने आज कमाए 14 लाख करोड़

Exit Poll ने शेयर बाजार में भरा बारूद, सेंसेक्स 2507 अंक उछला, निवेशकों ने आज कमाए 14 लाख करोड़

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 03, 2024 03:43 pm IST,  Updated : Jun 03, 2024 04:54 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 2507.47 अंक उछलकर 76,468.78 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 733.20 अंकों की तेजी के साथ 23,263.90 अंक पर पहुंच गया।

Share Market jumps - India TV Hindi
शेयर बाजार में रिकॉर्ड उछाल Image Source : FILE

Exit Poll में एक बार फिर मोदी सरकार को बंपर बहुमत मिलने के संकेत ने शेयर बाजार को रॉकेट बना दिया है। रिकॉर्ड तेजी के साथ खुला बाजार लाइफ टाइम हाई पर बंद हुआ है। बीएसई सेंसेक्स 2507.47 अंक उछलकर 76,468.78 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 733.20 अंकों की तेजी के साथ 23,263.90 अंक पर पहुंच गया। शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी के दम पर निवेश्कों की आज जबददस्त कमाई हुई। आपको बता दें कि 31 मई को जब बाजार बंद हुआ था तो बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का मार्केट कैप 4.12 लाख करोड़ था जो आज बढ़कर 4.26 लाख करोड़ हो गया। इस तरह निवेशकों ने आज एक दिन में 14 लाख करोड़ रुपये की कमाई की। 

अगर एग्जिट पोल के आंकड़ें पर नजर डालें तो 13 मई 2009 में सेंसेक्स 1.22 फीसदी यानी 146.74 अंकों की गिरावट के साथ क्लोज हुआ था। 2014 के एग्जिट पोल के दिन बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिला था। वहीं, 2019 के एग्जिट पोल के बाद बाजार में आई थी बंपर तेजी। एक बार फिर 2024 के एग्जिट पोल में बाजार ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। बाजार में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई है। 

भाजपा को बड़ी जीत मिलने का अनुमान 

शनिवार को ‘एग्जिट पोल’ में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की बड़ी जीत के अनुमान के बाद बाजार में यह तेजी आई है। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 2,507.47 अंक उछलकर रिकॉर्ड 76,468.78 अंक पर बंद हुआ। यह पिछले तीन साल में एक दिन में सबसे बड़ी तेजी है। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 2,777.58 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 76,738.89 अंक तक चला गया था। 

इन कंपनियों के स्टॉक्स ने बाजार को दिया हवा 

रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में जोरदार बढ़त से दोनों मानक सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। शेयर बाजार में तेजी के साथ अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में सोमवार को जोरदार बढ़त जारी रही। अडाणी पावर करीब 16 प्रतिशत चढ़ा। क्षेत्रवार देखा जाए तो सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, बिजली कंपनियों, तेल, ऊर्जा, पूंजीगत वस्तुओं और रियल्टी कंपनियों के शेयर आठ प्रतिशत तक चढ़े। शनिवार को आये एग्जिट पोल के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता संभाल सकते हैं। भाजपा नीत राजग सरकार के भारी बहुमत के साथ लोकसभा चुनाव जीतने का अनुमान है। वोटों की गिनती चार जून को होगी। 

बाजार में बड़ी तेजी का बड़ा का कारण एग्जिट पोल

सैमको म्यूचुअल फंड में कोष प्रबंध और इक्विटी शोध प्रमुख पारस मतालिया ने कहा, ‘‘बाजार आज नई ऊंचाई पर खुला। इसका बड़ा का कारण एग्जिट पोल है, जिसमें भाजपा नीति राजग के सत्ता में लौटने की बात कही गयी है। राजग सरकार के ज्यादा सीट जीतने का मतलब है कि नीतिगत स्तर पर निरंतरता बनी रहेगी।’’ सेंसेक्स के तीस शेयरों में से एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक और पावरग्रिड नौ प्रतिशत से अधिक उछले। लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ सन फार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एशियन पेंट्स, नेस्ले और इन्फोसिस के शेयर नुकसान में रहे। 

जीडीपी के दमदार आंकड़ों से भी मदद 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘एग्जिट पोल ने मौजूदा सरकार की यादगार जीत की उम्मीद जतायी है। सुधारों की गति जारी रहने की उम्मीद से सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में जोरदार तेजी रही।’’ शुक्रवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश की आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 8.2 प्रतिशत रही। इसके साथ ही भारत ने दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजार शुरुआती कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को लाभ के साथ बंद हुए थे। 

विदेशी निवेशक अब लगा रहे हैं पैसा

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 1,613.24 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81.26 डॉलर प्रति बैरल रहा। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 75.71 अंक के लाभ में रहा था, जबकि निफ्टी 42.05 अंक चढ़ा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा