1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. HDFC Bank और एचडीएफसी ने निवेशकों की डुबोई लुटिया, ICICI Bank और रिलायंस ने दिया सहारा

HDFC Bank और एचडीएफसी ने निवेशकों की डुबोई लुटिया, ICICI Bank और रिलायंस ने दिया सहारा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 07, 2023 10:53 am IST,  Updated : May 07, 2023 10:53 am IST

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, इन्फोसिस, एसबीआई, एचडीएफसी और भारती एयरटेल का स्थान रहा।

एचडीएफसी बैंक- India TV Hindi
एचडीएफसी बैंक Image Source : PTI

बीते हफ्ते शेयर बाजार में मिलाजुला रुख रहा। सोमवार से गुरुवार तक अच्छी तेजी रहने के बाद शुक्रवार को बाजार में बड़ी गिरावट आई। इसकी वजह रही एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी लिमिटेड के शेयरों में बड़ी ​बिकवाली रही। इन दोनों कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में सम्मिलित रूप से करीब 48,000 करोड़ रुपये का गिरावट आ गई। दोनों कंपनियों के विलय और एमएससीआई इंडिया इंडेक्स में वेटेज घटने की आशंका से यह गिरावट आई। इससे इनमें निवेशक करने वाले निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, रिलायंस, टीसीएस समेत छह कंपनियों ने निवेशकों को मुनाफा कराया। 

चार कंपनियों का बाजार पूंजीकरण घटा 

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से चार कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 56,006.15 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी लि.को हुआ। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 58.15 अंक या 0.09 प्रतिशत के नुकसान में रहा। समीक्षाधीन सप्ताह में एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), एचडीएफसी और भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन गिर गया। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर लि़, आईटीसी और इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण सामूहिक रूप से 44,540.05 करोड़ रुपये बढ़ गया। इस तरह की खबरें आई हैं कि विलय के बाद अस्तित्व में आने वाली एचडीएफसी की इकाई से उल्लेखनीय रूप से पूंजी बाहर निकल सकती है। इन खबरों के बाद शुक्रवार को एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी लि.के शेयर में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 

HDFC Bank के निवेशकों को सबसे अधिक नुकसान 

समीक्षाधीन सप्ताह में एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 34,547.61 करोड़ रुपये घटकर 9,07,505.07 करोड़ रुपये रह गया। सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक को ही हुआ। एचडीएफसी का बाजार मूल्यांकन 13,584.9 करोड़ रुपये के नुकसान से 4,95,541.41 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल का 6,356.46 करोड़ रुपये घटकर 4,39,153.22 करोड़ रुपये रह गया। एसबीआई की बाजार हैसियत 1,517.18 करोड़ रुपये घटकर 5,14,370.01 करोड़ रुपये रह गई। वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 14,279.06 के रुपये की बढ़ोतरी के साथ 16,51,687.33 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। 

एचयूएल के निवेशकों की हुई बंपर कमाई 

हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 10,949.09 करोड़ रुपये बढ़कर 5,87,632.77 करोड़ रुपये पर और आईसीआईसीआई बैंक की 6,583.1 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 6,47,532.81 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। टीसीएस के बाजार पूंजीकरण में 5,433.69 करोड़ रुपये का उछाल आया और यह 11,82,184.61 करोड़ रुपये रहा। आईटीसी की बाजार हैसियत 4,598.37 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 5,32,975.54 करोड़ रुपये रही। इन्फोसिस का बाजार मूल्यांकन 2,696.74 करोड़ रुपये बढ़कर 5,22,358.84 करोड़ रुपये रहा। 

रिलायंस पहले स्थान पर कायम 

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, इन्फोसिस, एसबीआई, एचडीएफसी और भारती एयरटेल का स्थान रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा