1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में लिस्ट होते ही ITC Hotels के शेयरों में लगा लोअर सर्किट, जानें किस भाव पर हुई लिस्टिंग

शेयर बाजार में लिस्ट होते ही ITC Hotels के शेयरों में लगा लोअर सर्किट, जानें किस भाव पर हुई लिस्टिंग

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jan 29, 2025 12:17 pm IST,  Updated : Jan 29, 2025 12:27 pm IST

लिस्टिंग के कुछ देर बाद ही आईटीसी होटल्स के शेयर बीएसई पर 5 प्रतिशत के लोअर सर्किट के साथ 178.60 रुपये के भाव पर आकर बंद हो गए। जबकि, एनएसई पर कंपनी के शेयर 5.00 रुपये (2.78 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 175.00 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे हैं।

itc hotels, itc hotels share price, itc hotels listing price, itc hotels listing share price, itc, i- India TV Hindi
आईटीसी लिमिटेड के शेयरों में गिरावट का सिलसिला जारी Image Source : ITC HOTELS

भारत के दिग्गज एफएमसीजी ग्रुप आईटीसी लिमिटेड का होटल बिजनेस अब पूरी तरह से अलग हो चुका है। आईटीसी लिमिटेड से अलग होने के बाद आईटीसी होटल्स लिमिटेड के शेयर आज यानी बुधवार, 29 जनवरी को शेयर बाजार में लिस्ट हो गए। हालांकि, कंपनी के शेयरों के लिए पहला दिन काफी बुरा रहा और लिस्टिंग के दिन ही इनमें लोअर सर्किट लग गया। आईटीसी होटल्स के शेयर बीएसई पर 188 रुपये के भाव लिस्ट हुआ। कंपनी के शेयर एनएसई पर 180 रुपये के भाव पर कारोबार की शुरुआत की।

बीएसई पर आईटीसी होटल के शेयरों में लगा लोअर सर्किट

हालांकि, लिस्टिंग के कुछ देर बाद ही आईटीसी होटल्स के शेयर बीएसई पर 5 प्रतिशत के लोअर सर्किट के साथ 178.60 रुपये के भाव पर आकर बंद हो गए। जबकि, एनएसई पर कंपनी के शेयर 5.00 रुपये (2.78 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 175.00 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक कंपनी का मार्केट कैप 36,389.28 करोड़ रुपये पर था। बताते चलें कि आईटीसी के होटल बिजनेस का विभाजन 1 जनवरी, 2025 को लागू हुआ था। आईटीसी ने इसके लिए 6 जनवरी को रिकॉर्ड डेट फिक्स किया था। इस कदम से आईटीसी होटल्स अपनी मूल कंपनी आईटीसी लिमिटेड से अलग हो गई है। बताते चलें कि आईटीसी लिमिटेड के शेयरधारकों को प्रत्येक 10 शेयरों पर आईटीसी होटल्स का 1 शेयर दिया है।

आईटीसी लिमिटेड के शेयरों में गिरावट का सिलसिला जारी

आईटीसी होटल्स के साथ-साथ आईटीसी के शेयरों में भी आज एक बार फिर गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार को कंपनी के शेयर एनएसई पर 3.55 रुपये (0.82%) की गिरावट के साथ 431.90 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को गिरावट के साथ 435.45 रुपये के भाव पर बंद हुए कंपनी के शेयर आज मामूली बढ़त के साथ 435.95 रुपये के भाव पर खुले थे। खबर लिखे जाने तक कंपनी के शेयर एनएसई पर 437.50 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 430.10 रुपये के इंट्राडे लो तक का सफर तय कर चुके थे। आईटीसी लिमिटेड का मौजूदा मार्केट कैप 5,40,443.33 करोड़ रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा