1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. LG Electronics India की घरेलू शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री, लिस्टिंग के दिन 48% की तेजी के साथ बंद हुए शेयर

LG Electronics India की घरेलू शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री, लिस्टिंग के दिन 48% की तेजी के साथ बंद हुए शेयर

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 15, 2025 06:38 am IST,  Updated : Oct 15, 2025 06:38 am IST

कंपनी का मार्केट कैप सुबह के कारोबार में 1,14,671.81 करोड़ रुपये रहा। दिन में वॉल्यूम के संदर्भ में बीएसई पर कंपनी के 78.56 लाख शेयर और एनएसई पर 687.94 लाख शेयरों का कारोबार हुआ।

LG Electronics India ipo, LG Electronics India ipo listing price, LG Electronics India ipo share pri- India TV Hindi
एलजी के आईपीओ को मिला था 54.02 गुना सब्सक्रिप्शन Image Source : JUSTDIAL

LG Electronics India Share Price: एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड के शेयरों ने मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की और 1,140 रुपये प्रति के इश्यू प्राइस के मुकाबले 48 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई पर शेयर 50.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,715 रुपये पर लिस्ट हुए थे। बाद में, ये 52.31 प्रतिशत उछलकर 1,736.40 रुपये पर पहुंच गया और कारोबार के अंत में 48.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,689.40 रुपये पर बंद हुआ। एनएसई पर शेयर ने 50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,710.10 रुपये के भाव पर शुरुआत की और अंत में 48.23 प्रतिशत चढ़कर 1,689.90 रुपये पर बंद हुआ। 

बाजार में बड़ी गिरावट के बावजूद एलजी के शेयरों में छप्परफाड़ तेजी

कंपनी का मार्केट कैप सुबह के कारोबार में 1,14,671.81 करोड़ रुपये रहा। दिन में वॉल्यूम के संदर्भ में बीएसई पर कंपनी के 78.56 लाख शेयर और एनएसई पर 687.94 लाख शेयरों का कारोबार हुआ। ये शानदार शुरुआत ऐसे दिन हुई जब घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली की वजह से बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कल, बीएसई सेंसेक्स 297.07 अंक टूटकर 82,029.98 पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 81.85 अंक की गिरावट के साथ 25,145.50 पर बंद हुआ। 

एलजी के आईपीओ को मिला था 54.02 गुना सब्सक्रिप्शन

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड के आईपीओ को पिछले हफ्ते गुरुवार को बोली के आखिरी दिन तक कुल 54.02 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। कंपनी के 11,607 करोड़ रुपये के आईपीओ का प्राइस बैंड 1,080 रुपये से 1,140 रुपये प्रति शेयर था। ये आईपीओ पूरी तरह से दक्षिण कोरिया की पैरेंट कंपनी एलजी कॉर्पोरेशन द्वारा 10.18 करोड़ शेयर (करीब 15 प्रतिशत हिस्सेदारी) की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था। 

नोएडा और पुणे में है एलजी की मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट्स

हुंडई मोटर्स इंडिया लिमिटेड के पिछले साल अक्टूबर में लिस्ट होने के बाद ये भारतीय शेयर बाजार में एंट्री लेने वाली दूसरी दक्षिण कोरियाई कंपनी है। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया घरेलू उपकरणों और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की लीडिंग कंपनी है। कंपनी के उत्पाद भारत और विदेशों में बेचे जाते हैं। कंपनी वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, एलईडी टीवी पैनल, इन्वर्टर एयर कंडीशनर और माइक्रोवेव सहित विभिन्न उत्पादों का निर्माण और बिक्री करती है। इसकी विनिर्माण इकाइयां नोएडा (उत्तर प्रदेश) और पुणे (महाराष्ट्र) में हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा