1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में 'मंगल ही मंगल', सेंसेक्स 418 अंक उछलकर फिर 63 हजार के पार निकला

शेयर बाजार में 'मंगल ही मंगल', सेंसेक्स 418 अंक उछलकर फिर 63 हजार के पार निकला

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 13, 2023 03:45 pm IST,  Updated : Jun 13, 2023 05:15 pm IST

हैवीवेट कंपनियों के शेयरों में तेजी लौटने से बीएसई सेंसेक्स 418.45 अंक उछलकर एक बार फिर 63,143.16 पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 114.65 अंक की शानदार तेजी के साथ 18,716.15 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

भारतीय शेयर बाजार के लिए मंगलवार 'मंगल ही मंगल' वाला रहा। खुदरा महंगाई 25 महीने के निचले स्तर पर पहुंचने से उत्साहित बाजार ने लंबी छलांग लगाई। कंज्यूमर और  हैवीवेट कंपनियों के शेयरों में तेजी लौटने से बीएसई सेंसेक्स 418.45 अंक उछलकर एक बार फिर 63,143.16 पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 114.65 अंक की शानदार तेजी के साथ 18,716.15 पर बंद हुआ। आपको बता दें कि अमेरिकी बाजारों में सकारात्मक रुख और व्यापक आर्थिक आंकड़ों के बेहतर रहने के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 626.62 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स सोमवार को 99.08 अंक या 0.16 प्रतिशत चढ़कर 62,724.71 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 38.10 अंक या 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,601.50 पर बंद हुआ। 

सेंसेक्स में शामिल शेयरों का हाल 

Sensex
Image Source : BSEसेंसेक्स

इन कंपनियों के शेयरों में रही तेजी 

शेयर बाजारों में तेजी का यह लगातार दूसरा दिन रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में से आईटीसी, टाइटन, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, नेस्ले और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर बढ़त में रहे। दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल और टाटा मोटर्स के शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा। विश्लेषकों के मुताबिक, घरेलू शेयर बाजार एक दिन पहले आए सकारात्मक वृहद-आर्थिक आंकड़ों से उत्साह में रहे। मई में खुदरा मुद्रास्फीति 25 महीनों के निचले स्तर 4.25 प्रतिशत पर आ गई है, जबकि अप्रैल में औद्योगिक उत्पादन 4.2 प्रतिशत बढ़ा है। इन आंकड़ों से अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं।

वैश्विक बाजार में भी तेजी 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोप के अधिकांश बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। एक दिन पहले सोमवार को अमेरिकी बाजारों में भी बढ़त दर्ज की गई थी। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.55 प्रतिशत बढ़कर 72.95 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा