1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. टैरिफ पर राहत से झूम उठा बाजार, सेंसेक्स 1300 अंक चढ़ा, मेटल और फार्मा शेयरों में जबरदस्त उछाल

टैरिफ पर राहत से झूम उठा बाजार, सेंसेक्स 1300 अंक चढ़ा, मेटल और फार्मा शेयरों में जबरदस्त उछाल

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Apr 11, 2025 03:48 pm IST,  Updated : Apr 11, 2025 04:04 pm IST

Share Market News : भारतीय शेयर बाजार में आज हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स 1310 अंक और निफ्टी 429 अंक की बढ़त लेकर बंद हुआ है।

शेयर मार्केट- India TV Hindi
शेयर मार्केट Image Source : FILE

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रेसिप्रोकल टैरिफ पर 90 दिन की रोक लगाने का असर आज शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है। मार्केट आज भारी तेजी के साथ खुला और अच्छी-खासी बढ़त लेकर बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 988 अंक की भारी बढ़त लेकर 74,835 पर खुला था। पूरे दिन आज बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। इससे सेंसेक्स 1.77 फीसदी या 1310 अंक की बढ़त लेकर 75,157 पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 शेयर हरे निशान पर और 2 शेयर लाल निशान पर थे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 1.92 फीसदी या 429 अंक की बढ़त के साथ 22,828 पर बंद हुआ है।

इन शेयरों में आई सबसे अधिक तेजी

एनएसई पर ट्रेडेड 2959 शेयरों में से आज 2381 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं, 492 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। आज 35 शेयर अपने 52 वीक हाई पर और 18 शेयर 52 वीक लो पर बंद हुए हैं। एनएसई के शेयरों में आज सबसे अधिक तेजी CAMLIN FINE SCIENCES में 20 फीसदी, TREJHARA SOLUTIONS में 20 फीसदी, GOLDIAM INTERNATIONAL में 20 फीसदी, BINANI INDUSTRIES में 20 फीसदी और GRAVITA INDIA में 18.20 फीसदी दर्ज हुई।

सेंसेक्स
Image Source : BSEसेंसेक्स

मेटल और फार्मा शेयर उछले

सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें, तो आज सभी सूचकांक हरे निशान पर बंद हुए हैं। सबसे अधिक तेजी निफ्टी मेटल में 4.09 फीसदी दर्ज हुई। इसके बाद निफ्टी फार्मा में 2.43 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 2.03 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.86 फीसदी, निफ्टी आईटी में 0.69 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 1.66 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.29 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.54 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 1.26 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में 1.53 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 3.19 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 2.20 फीसदी, निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर में 1.70 फीसदी, निफ्टी मिडस्मॉल फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.45 फीसदी और निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम में 1.87 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा