1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. इस म्यूचुअल फंड कंपनी ने पेटीएम में बढ़ाई हिस्सेदारी, खरीदे 26,31,244 शेयर

इस म्यूचुअल फंड कंपनी ने पेटीएम में बढ़ाई हिस्सेदारी, खरीदे 26,31,244 शेयर

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 20, 2025 10:23 am IST,  Updated : Aug 20, 2025 10:23 am IST

मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड ने वन 97 कम्यूनिकेशंस में अतिरिक्त शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 5 प्रतिशत से ऊपर कर ली है।

paytm, paytm share price, paytm shares 52 week high, one97 communications, one97 communications shar- India TV Hindi
पेटीएम के शेयरों ने मंगलवार को बनाया नया 52 वीक हाई Image Source : PAYTM

सोमवार और मंगलवार को अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को सपाट शुरुआत की। आज बीएसई सेंसेक्स 27.08 अंकों (0.03%) की बढ़त के साथ 81,671.47 अंकों पर खुला। जबकि, बुधवार को एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स ने 14.85 अंकों (0.06%) की गिरावट के साथ 24,965.80 अंकों पर कारोबार की शुरुआत की। इसी बीच, सुबह 10.06 बजे पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्यूनिकेशंस के शेयर बीएसई पर 5.80 रुपये (0.47%) की तेजी के साथ 1233.10 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। बताते चलें कि दिग्गज म्यूचुअल फंड कंपनी मोतीलाल ओसवाल ने अभी हाल ही में पेटीएम में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है।

पेटीएम में बढ़कर 5.15 प्रतिशत हुई मोतीलाल ओसवाल म्यूचअल फंड हिस्सेदारी

मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड ने वन 97 कम्यूनिकेशंस में अतिरिक्त शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 5 प्रतिशत से ऊपर कर ली है। म्यूचुअल फंड कंपनी ने मंगलवार को एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने 11 अगस्त को ओपन मार्केट से वन 97 कम्यूनिकेशंस के 26,31,244 शेयर खरीदे, जिससे कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 0.41 प्रतिशत बढ़ गई। इस नई खरीदारी के बाद पेटीएम में मोतीलाल ओसवाल म्यूचअल फंड कंपनी की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 5.15 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, मोतीलाल ओसवाल ने इस ट्रांजैक्शन की वैल्यू के बारे में जानकारी नहीं दी है कि उसने किस भाव पर शेयर खरीदे थे।

कंपनी के शेयरों ने बनाया नया 52 वीक हाई

ये शेयर मोतीलाल ओसवाल मिडकैप फंड, फ्लेक्सी कैप फंड, ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड और अलग-अलग ईटीएफ स्कीम समेत 20 से ज्यादा स्कीम्स के जरिए खरीदे गए हैं। बताते चलें कि मंगलवार को बीएसई पर वन 97 कम्यूनिकेशंस के शेयर 4.58 प्रतिशत की बंपर तेजी के साथ 1227.30 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। कल कारोबार के दौरान, पेटीएम के शेयर 1238.55 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे, जो इसका नया 52 वीक हाई बन गया। बताते चलें कि इसके शेयरों का 52 वीक लो 505.25 रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, पेटीएम का मौजूदा मार्केट कैप 78,727.65 करोड़ रुपये है।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा