1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बीते हफ्ते मुकेश अंबानी की रिलायंस को हुआ सबसे ज्यादा फायदा, TCS और HDFC Bank को सबसे अधिक नुकसान

बीते हफ्ते मुकेश अंबानी की रिलायंस को हुआ सबसे ज्यादा फायदा, TCS और HDFC Bank को सबसे अधिक नुकसान

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jan 07, 2024 11:17 am IST,  Updated : Jan 07, 2024 11:17 am IST

बीते हफ्ते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 214.11 अंक या 0.29 प्रतिशत के नुकसान में रहा था। सबसे अधिक नुकसान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक को हुआ।

एमकैप न्यूज- India TV Hindi
एमकैप न्यूज Image Source : FILE

सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण (m-Cap) में बीते सप्ताह कुल 57,408.22 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) को हुआ। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 214.11 अंक या 0.29 प्रतिशत के नुकसान में रहा था। एक जनवरी को सेंसेक्स 72,561.91 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था। बीते हफ्ते टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 20,929.77 करोड़ रुपये घटकर 13,67,661.93 करोड़ रुपये रह गया। सबसे अधिक नुकसान में टीसीएस ही रहा।

TCS और HDFC Bank को सबसे ज्यादा नुकसान

एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 20,536.48 करोड़ रुपये घटकर 12,77,435.56 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) की बाजार हैसियत 10,114.99 करोड़ रुपये गिरकर 6,15,663.40 करोड़ रुपये रह गई। इन्फोसिस का मूल्यांकन 4,129.69 करोड़ रुपये घटकर 6,36,222.11 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का 1,608.05 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 6,97,357.42 करोड़ रुपये पर आ गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाजार हैसियत में 89.24 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 5,72,826.22 करोड़ रुपये पर आ गई।

रिलायंस को हुआ सबसे अधिक फायदा

इस रुख के उलट रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 14,816.85 करोड़ रुपये बढ़कर 17,63,644.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईटीसी का मूल्यांकन 14,409.32 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 5,91,219.09 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 8,200.55 करोड़ रुपये बढ़कर 5,88,846.09 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का बाजार पूंजीकरण 7,020.75 करोड़ रुपये बढ़कर 5,34,082.81 करोड़ रुपये रहा।

ये रहीं टॉप-10 कंपनियां

टॉप-10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक और एलआईसी का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा