1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market Close: लगातार दो दिन की गिरावट पर लगा ब्रेक, करीब 500 अंक चढ़कर बंद हुआ सेंसेक्स

Stock Market Close: लगातार दो दिन की गिरावट पर लगा ब्रेक, करीब 500 अंक चढ़कर बंद हुआ सेंसेक्स

 Edited By: Abhinav Shalya
 Published : Jan 19, 2024 03:51 pm IST,  Updated : Jan 19, 2024 04:13 pm IST

Stock Market Close: भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। आज के सत्र में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी देखी गई।

Stock Market- India TV Hindi
स्टॉक मार्केट Image Source : FILE

भारतीय शेयर में शुक्रवार का कारोबारी सत्र तेजी वाला रहा। बाजार के ज्यादातर मुख्य सूचकांक हरे निशान में बंद हुए हैं। बीएसई सेंसेक्स 496 अंक या 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ 71,684 अंक और निफ्टी 160 अंक या 0.75 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,622.40 अंक पर बंद हुआ है। हालांकि, आज के कारोबार में बैंकिंग शेयर में गिरावट जारी रही। 

आज के सत्र में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन उम्मीद से अच्छा रहा। एनएसई मिडकैप100 इंडेक्स 716.10 अंक या 1.52 प्रतिशत बढ़कर 47,815 अंक पर बंद हुआ। वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स 166.85 अंक या 1.09 प्रतिशत बढ़कर 15,487 अंक पर बंद हुआ। आज करीब सभी सेक्टरों में खरीदारी हुई। ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फिन सर्विस, मेटल और रियल्टी सबसे ज्यादा चढ़ने वाले सेक्टर थे। 

किन शेयरों में हुई खरीदारी?   

सेंसेक्स पैक में एनटीपीसी, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, एमएंडएम, टाइटन, आईसीआईसीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, आईटीसी, जेएसडब्लू स्टील, बजाज फिनसर्व, टीसीएस, मारुति सुजुकी, एलएंडटी, इन्फोसिस, विप्रो, एशियन पेंट्स, एचयूएल, टाटा मोटर्स, नेस्ले, बजाज फाइनेंस और सन फार्मा के शेयर हरे निशान में बंद हुए हैं। इंडसइंड बैंक, कोटक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, रिलायंस, पावर ग्रिड और एचसीएल टेक में बिकवाली हुई।

वैश्विक बाजारों में आज के कारोबारी सत्र में खरीदारी देखी गई। टोक्यो, सियोल और  बैंकॉक  के बाजार बढ़कर बंद हुए हैं। वहीं, जाकार्ता, शंघाई और हांगकांग के बाजार में गिरावट हुई है। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए। डाओ में करीब आधा प्रतिशत की तेजी हुई है। कच्चे तेल के दामों में तेजी देखी गई है और यह आधा प्रतिशत बढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। 

बाजार की शुरुआत

 बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई का बेंचमार्क सेंसेक्स आज सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर 547.69 अंक के जोरदार उछाल के साथ  71734.55 के लेवल पर कारोबार की शुरुआत करता दिखा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क निफ्टी भी 151.35 अंक उछलकर 21613.60 के लेवल पर ओपन हुआ। निफ्टी बैंक में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी बैंक 438 अंक की जोरदार बढ़त के साथ 46151.55 के लेवल पर कारोबार करता देखा गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा