1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market में तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 549 अंक उछला, निफ्टी 17,500 के करीब

Stock Market में तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 549 अंक उछला, निफ्टी 17,500 के करीब

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Oct 18, 2022 05:19 pm IST,  Updated : Oct 18, 2022 05:19 pm IST

सेंसेक्स शेयरों में सर्वाधिक लाभ में एसबीआई रहा। आईटीसी, नेस्ले इंडिया, भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और लार्सन टुब्रो भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market Image Source : PTI

Highlights

  • सेंसेक्स 549.62 यानी 0.94 प्रतिशत उछलकर 58,960.60 अंक पर बंद हुआ
  • निफ्टी 175.15 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,486.95 अंक पर बंद हुआ
  • सेंसेक्स शेयरों में सर्वाधिक लाभ में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) रहा

Stock Market में लगातार तीसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स में 549 अंक से अधिक मजबूत हुआ। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में लिवाली से बाजार लाभ में रहा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 549.62 यानी 0.94 प्रतिशत उछलकर 58,960.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 732.68 अंक तक चढ़ गया था। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 175.15 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,486.95 अंक पर बंद हुआ।

एसबीआई के शेयरों में जोरदार उछाल

सेंसेक्स शेयरों में सर्वाधिक लाभ में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) रहा। इसके अलावा, आईटीसी, नेस्ले इंडिया, भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और लार्सन टुब्रो भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचडीएफसी लि., एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और सन फार्मा शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग लाभ में जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में सकारात्मक रुख रहा। अमेरिकी शेयर बाजार वाल स्ट्रीट में सोमवार को अच्छी तेजी थी। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.02 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार शुद्ध रूप से बिकवाल बने हुए हैं। उन्होंने सोमवार को 372.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 82.37 प्रति डॉलर पर

सीमित कारोबार के दौरान रुपया मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले सात पैसे की गिरावट के साथ 82.37 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। शुरूआती कारोबार में रुपये में तेजी थी, लेकिन वह बरकरार नहीं रह पायी। अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.21 पर खुला। कारोबार के दौरान 82.02 के उच्च स्तर और 82.37 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव 82.30 प्रति डॉलर के मुकाबले सात पैसे की गिरावट के साथ 82.37 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत बढ़कर 112.24 हो गया।  मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशल सर्विसेज के विदेशीमुद्रा एवं सर्राफा विश्लेषक, गौरांग सोमैय्या ने कहा कि पिछले कुछ सत्रों से रुपये में एक सीमित दायरे में घट बढ़ हो रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा