1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दिवाली पर IND vs PAK का महासंग्राम, जानें कब, कहां और कैसे देखें लाइव मैच

दिवाली पर IND vs PAK का महासंग्राम, जानें कब, कहां और कैसे देखें लाइव मैच

 Written By: Vanson Soral
 Published : Nov 07, 2026 10:45 pm IST,  Updated : Nov 07, 2026 10:45 pm IST

अंडर-19 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होने जा रहा है। दिलचस्प बात ये है कि दिवाली के दिन यह महामुकाबला खेला जाएगा।

IND vs PAK - India TV Hindi
भारत बनाम पाकिस्तान Image Source : AP

क्रिकेट में जब भी भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, मुकाबले का रोमांच अपने आप बढ़ जाता है। अब बारी युवा खिलाड़ियों की है, जहां अंडर-19 एशिया कप में दोनों टीमें दिवाली के दिन यानी रविवार को एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी। भारत और पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपने-अपने पहले मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की है। ऐसे में ग्रुप ए का यह मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम होने वाला है। जीतने वाली टीम के पास ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने और सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने का अच्छा मौका होगा।

भारत ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। नेपाल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 70 रन बनाए। उन्होंने 52 गेंदों की पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी नाबाद 53 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान ने भी जीत से किया आगाज

डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान ने भी अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। फरहान यूसुफ की कप्तानी वाली टीम ने UAE को 9 विकेट से हराया। यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 224 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने उस लक्ष्य को 37.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने 120 गेंदों पर नाबाद 139 रन की शानदार पारी खेली। पिछले संस्करण के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। उस मुकाबले में भी फरहान यूसुफ ही टीम की कप्तानी कर रहे थे। ऐसे में इस बार भारतीय युवा खिलाड़ियों के पास पिछले फाइनल की हार का हिसाब चुकता करने का मौका होगा।

कब और कहां खेला जाएगा IND U19 vs PAK U19 मुकाबला?

भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रविवार यानी 8 नवंबर को ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ-1) में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से मुकाबले का आगाज होगा।

टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव मुकाबला?

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप के इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा मोबाइल और लैपटॉप सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।

भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमें

भारतीय टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उलवा, काव्या पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद।

पाकिस्तान की टीम: फरहान यूसुफ (कप्तान), अब्दुल कादिर (विकेटकीपर), अब्दुल सुभान, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जाहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, हयाम खान, हुजैफा अहसान, जहांगीर बिलाल, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद सैयम, निकाब शफीक, रिजवानुल्लाह और उस्मान खान।

यह भी पढ़ें:

हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की होगी अदला-बदली! MI और पंजाब के बीच ट्रेड पर जल्द लग सकती है मुहर

बांग्लादेश के 25 साल के बल्लेबाज ने मचाई तबाही, जड़ा ऐतिहासिक दोहरा शतक, तोड़ा मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।