1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market News: सोमवार की गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में रिकवरी, सेंसेक्स 900 अंक से अधिक चढ़ा

Stock Market News: सोमवार की गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में रिकवरी, सेंसेक्स 900 अंक से अधिक चढ़ा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 07, 2021 12:35 pm IST,  Updated : Dec 07, 2021 12:35 pm IST
Stock Market News: सोमवार की...- India TV Hindi
Stock Market News: सोमवार की गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में रिकवरी, सेंसेक्स 900 अंक से अधिक चढ़ा Image Source : AP

Highlights

  • शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती ट्रेड में 900 अंक चढ़ गया है
  • कल सेंसेक्स 949.32 अंक या 1.65 प्रतिशत लुढ़क कर 56,747.14 पर बंद हुआ था
  • सेंसेक्स में टाटा स्टील दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ सबसे ऊपर था

मुंबई। सोमवार की भारी गिरावट से घायल शेयर बाजार के लिए मंगलवार के ट्रेड ने मलहम का काम किया है। शेयर बाजार मंगलवार को शुरुआती ट्रेड में 900 अंक चढ़ गया है। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच सेंसेक्स रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बढ़त दिखाई दी। शुरुआती सौदों में 30 शेयरों वाला सूचकांक 444.17 अंक या 0.78 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,191.31 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह निफ्टी 131.60 अंक या 0.78 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,043.85 पर पहुंच गया। 

सेंसेक्स में टाटा स्टील दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ सबसे ऊपर था। इसके बाद कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, मारुति, इंडसइंड बैंक और एसबीआई के शेयर थे। वही दूसरी तरफ डॉ रेड्डीज, टेक महिंद्रा, एलएंडटी, भारती एयरटेल और एचसीएल के शेयर शुरूआती कारोबार के दौरान घाटे में रहे। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 949.32 अंक या 1.65 प्रतिशत लुढ़क कर 56,747.14 पर बंद हुआ था। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 284.45 अंक या 1.65 प्रतिशत की गिरावट लेकर 16,912.25 पर पहुंच गया था। 

एशिया के दूसरे प्रमुख शेयर बाजारों में शंघाई, हांगकांग, सियोल और टोक्यो के शेयर मध्य सत्र सौदों में लाभ के साथ कारोबार कर रहे थे। विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध विक्रेता बने रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार उन्होंने सोमवार को 3,361.28 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। अमेरिका का शेयर बाजार भी पिछले सत्र में सकारात्मक बढ़त के साथ बंद हुआ। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 73.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा