1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार पर मंडराया ओमिक्रॉन का साया, सेंसेक्स ने खाया 949 अंक का गोता, निफ्टी 16,950 से नीचे आया

शेयर बाजार पर मंडराया ओमिक्रॉन का साया, सेंसेक्स ने खाया 949 अंक का गोता, निफ्टी 16,950 से नीचे आया

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 06, 2021 11:06 am IST,  Updated : Dec 06, 2021 05:07 pm IST

तीस शेयरों के प्रदर्शन पर आधारित सेंसेक्स शुरुआती सत्र में 311.11 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार पर मंडराया...- India TV Hindi
शेयर बाजार पर मंडराया ओमिक्रॉन का साया, सेंसेक्स में 300 अंक से भी ज्यादा लुढ़का, निफ्टी भी कमजोर  Image Source : PTI

Highlights

  • इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में नुकसान
  • कोरोनावायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन को लेकर बाजार में बढ़ी आशंका
  • ब्रेंट क्रूड 1.99 प्रतिशत उछलकर 71.27 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर

मुंबई। बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 949 अंकों का गोता लगाकर 56,747.14 अंक पर बंद हुआ। ओमीक्रोन को लेकर चिंता के बीच चौतरफा बिकवाली से बाजार में गिरावट आयी। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, देश में सप्ताहांत कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमीक्रोन के और मामले सामने आने से शेयर बाजारों में गिरावट आयी। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 949.32 अंक यानी 1.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 56,747.14 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 284.45 अंक यानी 1.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,912.25 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल सभी शेयर नुकसान में रहें।

इंडसइंड बैंक में सर्वाधक करीब चार प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, ‘‘बाजार में शुरुआत गिरावट के साथ हुई और दोपहर के कारोबार में बिकवाली तेज हुई। सभी खंडवार सूचकांक नुकसान में रहें।’’ उन्होंने कहा कि बाजार को रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा का इंतजार है।

मंदड़ियों के हावी होने से निफ्टी 17,000 के नीचे आया। विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली लगातार जारी है। हालांकि, घरेलू निवेशकों ने सोमवार को प्रमुख वित्तीय शेयरों में लिवाली की। एशिया के अन्य बाजारों में चीन में शंघाई कंपोजिट, हांगकांग का हैंग सेंग और जापान का निक्की नुकसान में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में तेजी रही। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.44 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा