Central Bank of India FD Schemes: देश में कुल 12 सरकारी बैंक नागरिकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भी इन्हीं 12 सरकारी बैंकों में शामिल है। ये एक प्रमुख सरकारी बैंक है, जो देश के अलग-अलग दूर-दराज के क्षेत्रों में भी बैंकिंग सेवाएं प्रदान करता है। यहां हम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एफडी योजनाओं के बारे में जानेंगे। ये सरकारी बैंक अपने ग्राहकों को एफडी खातों पर शानदार ब्याज दे रहा है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एफडी खातों पर 3.00 प्रतिशत से लेकर 7.40 प्रतिशत तक का ब्याज दे रहा है। आइए जानते हैं कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में कैसे 2,00,000 रुपये जमा कर 98,849 रुपये तक का फिक्स और गारंटीड ब्याज कमाया जा सकता है।
स्टाफ को एफडी खातों पर बंपर ब्याज देता है सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में कम से कम 7 दिनों के लिए एफडी अकाउंट खुलता है। इसके अलावा, अगर आप लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं तो अधिकतम 10 साल की अवधि के लिए एफडी खाता खुलवा सकते हैं। बताते चलें कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सामान्य ग्राहकों की तुलना में अपने स्टाफ को 1.00 प्रतिशत, सीनियर सिटीजन एक्स-स्टाफ को 1.50 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटीजन एक्स-स्टाफ को 1.75 प्रतिशत ज्यादा ब्याज दे रहा है। ये बैंक 5 साल से 10 साल तक की अवधि वाले एफडी खातों पर सामान्य नागरिकों को 6.00 प्रतिशत, सीनियर सिटीजन को 6.50 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटीजन को 6.75 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है।
2 लाख रुपये जमा करने पर मिलेगा 98,849 रुपये तक का फिक्स ब्याज
अगर आप सामान्य नागरिक हैं और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 6 साल यानी 72 महीने की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 2,85,901 रुपये मिलेंगे, जिसमें 85,901 रुपये का फिक्स ब्याज शामिल है। अगर आप एक सीनियर सिटीजन हैं और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 6 साल की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 2,94,472 रुपये मिलेंगे, जिसमें 94,472 रुपये का फिक्स ब्याज शामिल है। इसी तरह, अगर आप एक सुपर सीनियर सिटीजन हैं और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 6 साल की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 2,98,849 रुपये मिलेंगे, जिसमें 98,849 रुपये का ब्याज शामिल है।