1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. प्राइवेट जेट खरीदने के लिए कितनी होनी चाहिए आपकी कमाई- जानें EMI, पायलट, मेंटेनेंस का कितना खर्च आएगा

प्राइवेट जेट खरीदने के लिए कितनी होनी चाहिए आपकी कमाई- जानें EMI, पायलट, मेंटेनेंस का कितना खर्च आएगा

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 24, 2026 04:40 pm IST,  Updated : Mar 24, 2026 04:40 pm IST

ब्राजील की कंपनी Embraer के Phenom 100EV जेट की कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये है। इस जेट को खरीदने के बाद भारत लाने, रजिस्टर कराने और अन्य कागजी कार्यवाही का खर्च अलग से लगेगा।

Embraer Phenom 100EV, private jet, Embraer private jet, private jet tax, private jet price, private - India TV Hindi
Embraer Phenom 100EV Image Source : EMBRAER

भारत में कई सेलिब्रिटीज के पास उनके खुद के प्राइवेट जेट हैं, जिनसे वे अपनी यात्राएं करते हैं। प्राइवेट जेट की कीमत उनके साइज, इंजन, सुविधाओं और अन्य फीचर्स पर निर्भर करती हैं। देश में एक प्राइवेट जेट की कीमत 25 करोड़ रुपये लेकर 1000 करोड़ रुपये तक है। अगर VLJ (वेरी लाइट जेट्स) की बात की जाए तो इन्हें 50 करोड़ रुपये तक में खरीदा जा सकता है। यहां हम जानेंगे कि भारत में एक 50 करोड़ रुपये का प्राइवेट जेट खरीदने के लिए आपकी सालाना कमाई कितनी होनी चाहिए। इसके साथ ही, हम ये भी जानेंगे कि प्राइवेट जेट खरीदने के बाद उसकी EMI, पायलट की सैलरी, पार्किंग, मेंटेनेंस आदि का सालाना खर्च कितना आएगा?

Embraer Phenom 100EV

ब्राजील की कंपनी Embraer के Phenom 100EV जेट की कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये है। इस जेट को खरीदने के बाद भारत लाने, रजिस्टर कराने और अन्य कागजी कार्यवाही का खर्च अलग से लगेगा। इसके अलावा, इस पर आपको जीएसटी और कस्टम ड्यूटी भी चुकानी होगी। इसके साथ ही, आपको इस जेट के लिए जीएसटी भी चुकाना होगा। सभी तरह के टैक्स और अन्य खर्चों के लिए आपको अलग से लगभग 20 से 22 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।

लोन की ईएमआई

अगर आप 50 करोड़ रुपये के जेट के लिए 20% यानी 10 करोड़ रुपये का डाउन पेमेंट करते हैं तो आपको लगभग 9 से 11 प्रतिशत तक की ब्याज दरों पर 40 करोड़ रुपये का लोन लेना होगा। अगर आप 7 साल के लिए लोन लेते हैं तो आपकी सालाना ईएमआई लगभग 8.5 करोड़ रुपये से 9 करोड़ रुपये के बीच बनेगी।

सालाना मेंटेनेंस

अगर आप ये जेट खरीदते हैं तो आपको हर साल एक मोटी रकम भी खर्च करनी होगी, अब चाहें आप अपना जेट उड़ाएं या न उड़ाएं। पायलट और क्रू के लिए आपको हर साल लगभग 1 से 1.5 करोड़ रुपये, पार्किंग (हैंगर) और इंश्योरेंस के लिए सालाना 80 लाख से 1.2 करोड़ रुपये, मैनेजमेंट और सॉफ्टवेयर फीस के लिए हर साल लगभग 50 लाख रुपये खर्च करने होंगे। इसके अलावा, एटीएफ (विमान ईंधन) और लैंडिंग चार्ज के लिए लगभग 1.5 लाख से 2 लाख रुपये प्रति घंटा खर्च करना होगा। इस हिसाब से आपको एक प्राइवेट जेट के लिए हर साल ऑपरेटिंग कॉस्ट के रूप में लगभग 14 से 16 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।

कितनी कमाई होनी चाहिए?

भारत में एक प्राइवेट जेट खरीदना इतना मुश्किल नहीं है, जितना मुश्किल इसका ऑपरेटिंग कॉस्ट उठाना है। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, किसी भी डेप्रिसिएटिंग एसेट यानी जिस एसेट की कीमत समय के साथ घटती है, उस पर आपका खर्च, आपकी कुल नेट इनकम के 20% से 30% से ज्यादा नहीं होना चाहिए। लिहाजा, एक प्राइवेट जेट खरीदने और उसके मेनटेन करने के लिए आपकी सालाना कमाई कम से कम 60 से 80 करोड़ रुपये होनी चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा