SBI FD Rates: पिछले साल की तुलना में, इस साल फिक्स्ड डिपोजिट (FD) खातों पर कम ब्याज मिल रहा है। हालांकि, एफडी की ब्याज दरों में कटौती के बावजूद ये अभी भी काफी आकर्षक बनी हुई हैं। यहां हम देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक- SBI द्वारा एफडी खातों पर दिए जा रही ब्याज दरों के बारे में जानेंगे। इसके साथ ही, हम ये भी जानेंगे कि एसबीआई में 222 दिनों की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा किए जाएं तो मैच्यॉरिटी पर कितना ब्याज मिलेगा? भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने ग्राहकों को फिक्स्ड डिपोजिट खातों पर 3.05 प्रतिशत से लेकर 7.15 प्रतिशत तक का शानदार रिटर्न दे रहा है।
7 दिनों से लेकर 45 दिनों की अवधि वाले एफडी खातों पर 3.65 प्रतिशत तक का ब्याज
भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक कम से कम 7 दिनों की अवधि के लिए एफडी खाता खुलवा सकते हैं। ये सरकारी बैंक 7 दिनों से लेकर 45 दिनों की अवधि वाले एफडी खातों पर 3.05 प्रतिशत से लेकर 3.65 प्रतिशत तक का ब्याज दे रहा है। भारतीय स्टेट बैंक में अधिकतम 10 साल की लंबी अवधि के लिए भी एफडी खाते खोले जाते हैं। एसबीआई 5 साल से लेकर 10 साल तक की अवधि वाले एफडी खातों पर 6.05 प्रतिशत से लेकर 7.15 प्रतिशत तक का मोटा ब्याज दे रहा है। एसबीआई अपने ग्राहकों को 211 दिनों से लेकर 1 साल तक की अवधि वाले एफडी खातों पर सामान्य नागरिकों को 5.90 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों को 6.40 प्रतिशत और अति वरिष्ठ नागरिकों को 6.50 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है।
222 दिनों की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करने पर कितना मिलेगा ब्याज
भारतीय स्टेट बैंक में 222 दिनों की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करें तो सामान्य नागरिकों को मैच्यॉरिटी पर 7253 रुपये के फिक्स ब्याज समेत कुल 2,07,253 रुपये मिलेंगे। इसी तरह, भारतीय स्टेट बैंक में 222 दिनों की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करें तो वरिष्ठ नागरिकों को मैच्यॉरिटी पर 7875 रुपये के फिक्स ब्याज समेत कुल 2,07,875 रुपये मिलेंगे। जबकि, अति वरिष्ठ नागरिकों को भारतीय स्टेट बैंक में 222 दिनों की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करने पर 7999 रुपये के फिक्स ब्याज समेत कुल 2,07,999 रुपये मिलेंगे।