अगर आप ₹5 लाख का पर्सनल लोन लेने की सोच रहे हैं और 5 साल में आसानी से EMI भरना चाहते हैं, तो तीन बड़े बैंकों- SBI, HDFC Bank और Bank of Baroda (BoB) में से भी आप किसी एक का चुनाव कर सकते हैं। जाहिर है तीनों में कौन सबसे बेहतर होगा, यह आप जरूर जानना चाहेंगे। ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस और कुल लागत में काफी अंतर हो सकता है, जो आपकी मासिक EMI और कुल चुकौती राशि पर सीधा असर डालता है। आज हम इन तीनों बैंकों के मौजूदा पर्सनल लोन ऑफर्स की तुलना करेंगे और बताएंगे कि ₹5,00,000 के 5 साल के लोन पर कौन-सी बैंक की EMI सबसे कम है और कौन सा ऑप्शन आपके लिए सबसे सस्ता और फायदेमंद साबित हो सकता है।
लोन के लिए अप्लाई करने से पहले समझ लें ये बात
जब भी आप लोन के लिए अप्लाई करने की सोचें तो पहले अपनी पात्रता को अवश्य परख लें। कोई भी लोन, आपकी मंथली इनकम, सिबिल स्कोर की स्थिति, पहले के चल रहे लोन की ईएमआई, आपकी उम्र और अन्य कारकों पर निर्भर करता है। बैंक की तरफ से ब्याज दर का निर्धारण इन कारकों को ध्यान में रखकर किया जाता है। अगर बाकी पात्रता की शर्तों के साथ आपका सिबिल स्कोर (300 से 900 के बीच) बेहद शानदार है तो आपको लोन मिलने में आसानी होती है।
पर्सनल लोन पर तीनों बैंकों की ब्याज दरें
भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI मौजूदा समय में 10.05% की शुरुआती दर पर पर्सनल लोन ऑफर कर रहा है। प्राइवेट सेक्टर का अग्रणी एचडीएफसी बैंक वर्तमान में 9.99 प्रतिशत शुरुआती ब्याज दर पर पर्सनल लोन दे रहा है। बैंक फिलहाल प्रोसेसिंग चार्ज के तौर पर ₹6,500-तक + GST वसूल रहा है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा से भी आप फिलहाल 10.15% की शुरुआती ब्याज दर पर पर्सनल लोन ले सकते हैं। बैंक आपके अप्लाई करते समय प्रोसेसिंग चार्ज और शुल्क सहित टर्म एंड कंडीशन भी बताते हैं, जिसको आपको ध्यान से समझ लेनी चाहिए।
5 साल के लिए ₹5,00,000 की EMI
ईएमआई की गणना के लिए हम यहां शुरुआती ब्याज दर को आधार मानकर चल रहे हैं। कैलकुलेशन के मुताबिक, अगर आप एसबीआई से पांच साल के लिए ₹5,00,000 पर्सनल लोन 10.05% ब्याज पर लेते हैं तो आपकी मंथली ईएमआई ₹10,636 बनेगी। इस लोन पर आप 1,38,150 रुपये ब्याज चुकाएंगे। अगर आप एचडीएफसी बैंक से 5 साल के लिए ₹5,00,000 पर्सनल लोन लेते हैं तो 9.99 ब्याज दर के आधार पर कैलकुलेशन के मुताबिक, आपकी मंथली ईएमआई ₹10,621 बनेगी। इस लोन पर आपको 1,37,264 रुपये सिर्फ ब्याज चुकाने होंगे।
अगर आप बैंक ऑफ बड़ौदा से अगर आप 5 साल के लिए ₹5,00,000 पर्सनल लोन लेते हैं तो 10.15% ब्याज के आधार पर आपकी मंथली ईएमआई ₹10,660 बनेगी। कैलतकुलेशन के हिसाब से आपको इस लोन पर कुल ब्याज 1,39,628 रुपये चुकाना होगा। कुल मिलाकर, देखें तो इन तीनों बैंक में से सबसे सस्ता पर्सनल लोन एचडीएफसी बैंक का है। तीनों में शुरुआती ब्याज दर सबसे कम एचडीएफसी बैंक का ही है।