चंडीगढ़ः पंजाब में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने मंगलवार को पंजाब पुलिस प्रमुख से अपने छह सुरक्षाकर्मियों को वापस बुलाने और उन्हें पुलिस स्टेशनों में तैनात करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं के कारण उनकी तुलना में आम लोगों को सुरक्षा की अधिक जरूरत है।
थानों में तैनात करें हमारे सुरक्षाकर्मी
डीजीपी गौरव यादव को लिखे पत्र में सांसद सीचेवाल ने अनुरोध किया कि उनके साथ तैनात छह सुरक्षाकर्मियों में से तीन को लोहियान खास पुलिस स्टेशन और बाकी तीन को कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी पुलिस स्टेशन में तैनात किया जाए।
सीचेवाल ने अपने पत्र में लिखा, "आपका ध्यान इस ओर दिलाना चाहता हूं कि जालंधर जिले के लोहियान इलाके और सुल्तानपुर लोधी में पवित्र 'बेइन' (नदी) के किनारे लूट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मैं विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि मेरी सुरक्षा के लिए तैनात छह सुरक्षाकर्मियों में से तीन को लोहियान खास पुलिस स्टेशन और तीन को सुल्तानपुर लोधी पुलिस स्टेशन में भेज दिया जाए।"
इलाकों में चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं से नाराज
इन इलाकों में चोरी, लूट और नशीली दवाओं के दुरुपयोग की बढ़ती घटनाओं को चिंताजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना बहुत ज़रूरी है। सांसद ने कहा कि मेरी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए छह जवान तैनात हैं, जबकि उनकी ज़रूरत पुलिस स्टेशनों में है ताकि वे लोगों की सुरक्षा कर सकें। सांसद ने कहा कि उन्होंने पहले भी डीजीपी को मल्सियां पुलिस चौकी के बारे में लिखा था, जहां पुलिसकर्मियों की संख्या अपर्याप्त थी और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के कारण लोग परेशान हो रहे थे।
सांसद ने बताया कि उनके पैतृक गांव सीचेवाल में एक ही रात में चोरी की आठ घटनाएं हुईं, जिनमें बिजली के तार चोरी हो गए। उन्होंने पवित्र 'बेइन' के आसपास कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की, जहां गुरु नानक देव से जुड़ी ऐतिहासिक जगह पर माथा टेकने के लिए रोज़ाना हज़ारों श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा, "चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की बढ़ती घटनाओं ने श्रद्धालुओं के बीच डर का माहौल बना दिया है। किसी सम्मानित धार्मिक स्थल के आसपास ऐसी घटनाएं बेहद परेशान करने वाली हैं।"
पहले भी ठुकरा चुके हैं सुरक्षा का प्रस्ताव
सीचेवाल ने कहा कि उन्होंने शुरू में सुरक्षा के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, यह कहते हुए कि उन्हें कोई खतरा नहीं है, लेकिन उनकी अनिच्छा के बावजूद सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए। उन्होंने DGP से तुरंत अपनी सुरक्षा हटाने और उन छह सुरक्षाकर्मियों को दो पुलिस स्टेशनों में फिर से तैनात करने का अनुरोध किया।
इनपुट- पीटीआई
ये भी पढ़ेंः पंजाब में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर आया CJP के अभिजीत दीपके का बयान, कहा- 'हम अभी इसके लिए प्लानिंग कर रहे हैं'