1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज, BJP ने की बड़ी बैठक, AAP और कांग्रेस ने भी ठोंकी ताल

पंजाब में चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज, BJP ने की बड़ी बैठक, AAP और कांग्रेस ने भी ठोंकी ताल

 Reported By: Devendra Parashar, Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 12, 2026 11:37 pm IST,  Updated : Jun 12, 2026 11:37 pm IST

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने बड़ी बैठक की है। इस बैठक में अमित शाह से लेकर नितिन नवीन और पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। दूसरी तरफ केजरीवाल ने भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया है। कांग्रेस ने भी कहा है कि मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।

पंजाब चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज। - India TV Hindi
पंजाब चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज। Image Source : PTI/FILE

चंडीगढ़: पंजाब में अगले साल ही विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम समय बचा हुआ है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तरफ से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इस बीच पंजाब को लेकर बीजेपी मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की आज विस्तार से बैठक हुई। इस बैठक में गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। इसके अलावा पंजाब भाजपा के कई बड़े नेता इस बैठक में उपस्थित थे। 

पंजाब के बड़े पदाधिकारी रहे मौजूद

जानकारी के मुताबिक बैठक में पंजाब के भाजपा अध्यक्ष सरदार केवल ढिल्लों, सुनील जाखड़, संगठन मंत्री श्रीनिवासलु, अश्विनी शर्मा और इकबाल सिंह लालपुरा भी बैठक में मौजूद थे। मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में पंजाब चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाने पर चर्चा की गई। बता दें कि बंगाल में चुनाव जीतने के बाद अब बीजेपी की अगली नजर पंजाब में फतह करने की है। इसे लेकर बीजेपी के तमाम बड़े पदाधिकारी अभी से चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

केजरीवाल ने किया रोड शो

वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब में दोबारा वापसी को लेकर अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इस बार भी पंजाब में भगवंत मान को ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश किया गया है। इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाना है। बता दें कि शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल ने बठिंडा में सीएम भगवंत मान, मनीष सिसोदिया और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा के साथ एक रोड शो किया।

भगवंत मान होंगे सीएम के उम्मीदवार

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''मुझे बताया गया है कि चुनाव फरवरी 2027 के बजाय नवंबर 2026 में होंगे। ऐसे में अब केवल चार महीने बचे हैं। हमें अभी से काम में जुट जाना चाहिए और भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है।'' इसके अलावा हाल ही में हुए पंजाब नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत के लिए उन्होंने लोगों का आभार भी व्यक्त किया। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों की कुल 1,977 वार्ड सीटों में से 958 पर जीत दर्ज की है। 

कांग्रेस ने भी ठोंकी ताल

भाजपा और आप के अलावा कांग्रेस भी पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ेगी। जब उनसे पूछा गया कि पंजाब चुनाव का नेतृत्व कौन करेगा तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और इसमें ''कोई संदेह नहीं है।'' उन्होंने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ता हैं और पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम करते रहेंगे।

यह भी पढ़ें-

कुल्लू जा रही पर्यटकों से भरी कार गहरी खाई में गिरी, 2 की मौत, 3 घायल; गाड़ी के उड़े परखच्चे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।