पंजाब के होशियारपुर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला उपाध्यक्ष रंजीत सिंह राणा और उनके साथी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। मंगलवार रात हुई इस घटना में दोनों घायल हो गए। हमले में रंजीत सिंह राणा के सिर में चोटें आई हैं। पुलिस ने बुधवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रंजीत सिंह राणा अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी कथित तौर पर कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों से वार किए, जिससे राणा के सिर में चोट आई। इस दौरान उनके साथी को भी चोटें आईं। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए होशियारपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
होशियारपुर सिटी थाने के एसएचओ सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक घायलों के बयान दर्ज नहीं किए गए हैं। घायलों के बयान दर्ज होने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
ये खबर अपडेट हो रही है...
पीटीआई के इनपुट के साथ