1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब के बलोवाल सौंखरी में 0°C पहुंचा पारा, कई जिलों में 3 डिग्री से नीचे तापमान, जानें कब तक बंद रहेंगे स्कूल

पंजाब के बलोवाल सौंखरी में 0°C पहुंचा पारा, कई जिलों में 3 डिग्री से नीचे तापमान, जानें कब तक बंद रहेंगे स्कूल

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jan 13, 2026 08:46 pm IST,  Updated : Jan 13, 2026 08:48 pm IST

पंजाब में कड़ाके की ठंड के बीच पारा जमाव बिंदु तक आ गया है। कई जिलों में तापमान 3 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। बुधवार को सभी स्कूल बंद रहेंगे।

पंजाब में पड़ रही कड़ाके की सर्द- India TV Hindi
पंजाब में पड़ रही कड़ाके की सर्द Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब में हांड़ कंपा सर्दी पड़ रही है। पंजाब में SBS नगर के बलोवाल सौंखरी में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां पर पानी जमाव बिंदु तक पहुंच गया है। वहीं, पंजाब और हरियाणा की राजधानी राजधानी चंडीगढ़ में में ठंड ने पिछले 9 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 

पंजाब के इन जिलों में पड़ रही हांड़ कंपा देने वाली सर्दी

पंजाब के कई जिलों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। SBS नगर के बलोवाल सौंखरी में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में 1.6 डिग्री, जबकि लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में क्रमशः न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री, 3 डिग्री और 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फरीदकोट और होशियारपुर भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। यहां क्रमशः न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पंजाब में 14 जनवरी को रहेगी छुट्टी

पंजाब में कड़ाके की सर्दी के बीच 14 जनवरी 2026 को स्कूल बंद रहेंगे क्योंकि राज्य में लोहड़ी के बाद माघी (मकर संक्रांति से जुड़ा त्योहार) मनाया जाता है। लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और बठिंडा के स्कूलों में आधिकारिक छुट्टियां रहेंगी, जिससे छात्रों को लगातार छुट्टियों का मौका मिलेगा। ठंड के मौसम की चेतावनियों के कारण कई संस्थान जनवरी के मध्य के बाद ही खुलेंगे। 

चंडीगढ़ में 17 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो नौ सालों में सबसे कम है। चंडीगढ़ में 11 जनवरी 2017 को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस और 24 जनवरी 2016 को 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। चंडीगढ़ में शीतलहर के कारण 17 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। 

हरियाणा में भी पड़ रही कड़ाके की सर्दी

हरियाणा में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हिसार और नारनौल में क्रमशः न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री और 1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुग्राम, जहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री, रोहतक में 3.8 डिग्री, अंबाला में 4.2 डिग्री जबकि फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।