पंजाब के जिला जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर रात 8:00 बजे एक बहुत बड़ा धमाका हुआ । यह धमाका बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर खड़ी एक एक्टिवा में हुआ। ब्लास्ट के बाद स्कूटर में आग की लपटे शुरू हो गई और आसपास धुआ ही धुंआ हो गया। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि आसपास के लोगों में खौफ साफ दिख रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह धमाका 8:00 बजे के करीब हुआ। उसने बताया कि वह जब पैदल चौक के पास से गुजर रहा था तो एकदम से बहुत बड़ा धमाका हुआ । जब उसने देखा कि बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर खड़े एक स्कूटर में आग की लपटे और धुंआ नजर आ रहा था।
धमाके के बाद फैली दहशत
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक व्यस्त चौक होने के कारण दो पहिया वाहन के चालक भी गिर गए और पास से गुजर रही एक कार का एयरबैग भी खुल गया। उसे कार में एक परिवार था। धमाके की सूचना मिलते ही जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्कूटर के आसपास के इलाके को सील करके उसकी जांच शुरू कर दी । कुछ देर बाद ही वहां डॉग् स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम में पहुंच चुकी थी। घटना के लगभग आधे पौने घंटे के बाद जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर भी मौके पर पहुंची और मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि यह धमाका एक एक्टिवा में हुआ है और प्राथमिक जांच में यह सिर्फ स्कूटर ब्लास्ट ही नजर आ रहा है।
डिलीवरी बॉय से की जा रही पूछताछ
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक्टिवा के ऊपर दो लड़के सवार थे और उसमें से एक लड़का यहां पर डिलीवरी देने आता था और वह फ्लिपकार्ट में काम करता है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ एक तकनीकी हादसा है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा? पुलिस ने डिलीवरी बॉय को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है, साथ ही उसकी पिछली हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और हर पहलू की जांच की जा रही है। धमाके से पूरा इलाका थर्रा उठा, चूंकि यह क्षेत्र अति-संवेदनशील कैंट इलाके के करीब है इसलिए सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।
(परमदीप सिंह रंगपुरी की रिपोर्ट)