पंजाब के राजपुरा के पास से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोहाली के रहने वाले एक दंपति ने अपने तीन बच्चों के साथ रविवार को नहर में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने दंपति को तो बचा लिया, लेकिन तीनों बच्चे को नहीं बचा पाए। तीनों बच्चे पानी के तेज धार में बह जाने के बाद डूब गए। इनमें दो लड़कियां और एक लड़का था।
पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक घटना राजपुरा के पास मंडोली पुल से करीब एक किलोमीटर आगे की है। मोहाली जिले के लांडरां के पास स्थित मोजपुर गांव का रहने वाला यह परिवार रविवार को यहां पहुंचा और अचानक नहर में कूद गया।
जैसे ही आस-पास के ग्रामीणों ने परिवार को नहर में कूदते देखा, वे तुरंत बचाव के लिए मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद पति-पत्नी को तो पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बच्चे पानी की तेज धारा की चपेट में आ गए और आंखों से ओझल हो गए।
गोताखोरों ने बरामद किए बच्चों के शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी तलाश के बाद गोताखोरों ने तीनों बच्चों के शवों को नहर से बरामद किया। मृत बच्चों की पहचान मुस्कान (उम्र 14 वर्ष), राजवीर (उम्र 12 वर्ष) और एकम (उम्र 7 वर्ष) के रूप में हुई। बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मोजपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
दंपति ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि तीनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजपुरा के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें-