1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब: बिक्रम मजीठिया को 7 दिन की पुलिस रिमांड, ड्रग मनी मामले में विजिलेंस ने किया था अरेस्ट

पंजाब: बिक्रम मजीठिया को 7 दिन की पुलिस रिमांड, ड्रग मनी मामले में विजिलेंस ने किया था अरेस्ट

 Reported By: Puneet Pareenja Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 26, 2025 02:51 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 02:54 pm IST

बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली कोर्ट में विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पेश किया। मजीठिया को 540 करोड़ रुपये से अधिक के ड्रग मनी के कथित शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

Bikram Singh Majithia- India TV Hindi
पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया। Image Source : PTI

पंजाब के पूर्व मंत्री और अकाली दल नेता के नेता बिक्रम मजीठिया को मोहाली कोर्ट ने 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मजीठिया को मोहाली जिला अदालत में विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से पेश किया गया था। मजीठिया की पेशी के दौरान कोर्ट के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था, क्योंकि अकाली दल के कार्यकर्ता उनकी गिरफ्तारी के बाद से प्रदर्शन कर रहे हैं।

540 करोड़ के ड्रग मनी मामले में कार्रवाई

बिक्रम मजीठिया को विजिलेंस की टीम ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। ये गिरफ्तारी ड्रग मनी और आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई है। मजीठिया को 540 करोड़ रुपये से अधिक के ड्रग मनी के कथित शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले विजिलेंस की टीम ने अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया के चंडीगढ़ स्थित आवास समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की। 

पंजाब में 25 जगहों पर छापेमारी

इस मामले पर पंजाब के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि हमारी पुलिस और विजिलेंस ने अमृतसर में 9 जगहों पर और पंजाब में 25 जगहों पर छापेमारी की, जिसमें बिक्रम सिंह मजीठिया के ठिकाने भी शामिल हैं। यह ड्रग का मामला अकाली दल और भाजपा सरकार के समय शुरू हुआ था। इनकी सरकार के समय कई ड्रग तस्कर पकड़े गए जिन्होंने बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ बयान दिए, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।  

मजीठिया की पत्नी ने क्या कहा?

मजीठिया की पत्नी गनीव कौर मजीठिया अकाली दल की विधायक हैं। गनीव कौर ने कहा कि उनके (मजीठिया) खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के उनके अमृतसर स्थित घर में घुसे। चंडीगढ़ स्थित उनके घर पर भी इसी तरह की छापेमारी की गई।

गनीव कौर मजीठिया ने कहा कि 30-35 लोग हमारे घर में घुस आए। उन्होंने न तो हमें कोई वारंट दिखाया और न ही कोई अन्य दस्तावेज...वे बस हमारे घर में घुस आए और हमारे निजी सामान की जांच करने लगे। उन्होंने हमसे बात नहीं की। मैंने अधिकारियों से बात करने की कोशिश की...यह ऐसा मामला है जिसकी जांच भी नहीं हुई है। देखते हैं क्या होता है। सरकार जो चाहे करे...जो कुछ भी हो रहा है, वह सब आपके सामने है। हमने यह लड़ाई लड़ी है और हम लड़ते रहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।