1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में आतंकी मॉड्यूल का एक सदस्य गिरफ्तार, IED सहित गोला-बारूद बरामद

पंजाब में आतंकी मॉड्यूल का एक सदस्य गिरफ्तार, IED सहित गोला-बारूद बरामद

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Oct 25, 2025 11:15 pm IST,  Updated : Oct 25, 2025 11:15 pm IST

पंजाब में पुलिस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उसके पास से आरडीएक्स सहित दो आईईडी और हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए हैं।

दो आईईडी भी बरामद।- India TV Hindi
दो आईईडी भी बरामद। Image Source : X/DGPPUNJABPOLICE

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने एक आतंकी नेटवर्क के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके पास से उच्च श्रेणी के आरडीएक्स सहित दो आईईडी और हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए हैं। एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर के कोटला तरखाना गांव का निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ ​​टिड्डी नामक आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के निर्देश पर काम कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि मनप्रीत सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड है और उसका नाम सदर बटाला एवं कलानौर थानों में दर्ज दो मामलों में शामिल था। 

विदेश से मिलते थे निर्देश

मनप्रीत सिंह गुरदासपुर और अमृतसर की जेलों में लगभग डेढ़ साल रहा और फरवरी में रिहा हुआ। इसके बाद उसने अपनी आपराधिक गतिविधियां फिर से शुरू कर दीं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मनप्रीत सिंह आर्मेनिया, ब्रिटेन और जर्मनी में बैठे अपने आकाओं के निर्देश पर काम कर रहा था। वहीं, उसके आकाओं को एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के पाकिस्तान स्थित सरगना से निर्देश मिलते थे। उन्होंने कहा कि समूचे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए इससे जुड़े संपर्कों का पता लगाया जा रहा और आगे की जांच की जा रही है। 

कब्जे से गोला-बारूद बरामद

अभियान का विवरण देते हुए अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ के सहायक महानिरीक्षक सुखमिंदर सिंह मान ने कहा कि एक विशिष्ट खुफिया सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से गोला-बारूद सहित एक .30 बोर की पिस्तौल बरामद की। मान ने बताया कि आरोपी की निशानदेही के आधार पर उसके गांव से उच्च श्रेणी के आरडीएक्स से भरे धातु के कंटेनर में पैक कर रखे तथा विस्फोट के लिए टाइमर लगे दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भी बरामद किए गए। 

ड्रोन से भेजी थी आईईडी

जांच के दौरान यह पाया गया कि लगभग दो सप्ताह पहले पाकिस्तान स्थित मनप्रीत सिंह के आका ने अजनाला में जब्त की गई खेप को ड्रोन से गिराने में मदद की थी जिसे उसने बरामद किया और अपने गांव के पास एक नहर के पास छिपा दिया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी को उसके आकाओं ने निर्देश दिया था कि वह तैयार रहे और आईईडी को किसी अन्य संपर्क को सौंपने के लिए अगले आदेशों की प्रतीक्षा करे। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

सीएम योगी ने राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन और PM मोदी से की मुलाकात; जेवर एयरपोर्ट का भी किया दौरा

राजस्थान में कुख्यात अपराधियों की खैर नहीं, DGP ने राज्य स्तर पर कार्रवाई करने के दिए निर्देश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।