1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब के मशहूर कवि सुरजीत पातर का निधन, 79 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

पंजाब के मशहूर कवि सुरजीत पातर का निधन, 79 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

 Published : May 11, 2024 12:39 pm IST,  Updated : May 11, 2024 12:41 pm IST

मशहूर पंजाबी कवि एवं लेखक सुरजीत सिंह पातर का शनिवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने 79 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। पातर के परिजन ने बताया कि वह सुबह नींद से जागे ही नहीं। बता दें कि प्रख्यात कवि पातर को 2012 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

पंजाब के मशहूर कवि सुरजीत पातर का 79 वर्ष की आयु में निधन - India TV Hindi
पंजाब के मशहूर कवि सुरजीत पातर का 79 वर्ष की आयु में निधन Image Source : TWITTER

पंजाबी साहित्य की दुनिया से एक बेहद बुरी खबूर सामने आई है। पंजाब में अपनी एक अलग पहचान रखने वाले मशहूर कवि  एवं लेखक सुरजीत सिंह पातर का आज सुबह निधन हो गया। उन्होंने 79 वर्ष की उम्र में अपने घर में अंतिम सांसे लीं और दुनिया को अलविदा कह दिया। प्रख्यात कवि के परिजन ने बताया कि पातर  रात को ठीक ठाक सोए थे लेकिन फिर नींद से जागे ही नहीं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित कई नेताओं ने पातर के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि यह पंजाबी साहित्यिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है।

पद्मश्री से थे सम्मानित

मशहूर कवि सुरजीत सिंह पातर को 2012 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। वह पंजाब कला परिषद के अध्यक्ष भी थे। पातर की प्रख्यात काव्य रचनाओं में ‘हवा विच लिखे हर्फ’, ‘हनेरे विच सुलगदी वरनमाला’, ‘पतझड़ दी पाजेब’, ‘लफ्जां दी दरगाह‘ और ‘सुरजमीन’ शामिल हैं। कवि और लेखक को साहित्य अकादमी पुरस्कार, पंचनद पुरस्कार, सरस्वती सम्मान और कुसुमाग्रज साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कपूरथला के रणधीर कॉलेज से स्नातक और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से पीएचडी की। वह लुधियाना में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय से पंजाबी भाषा के प्रोफेसर के पद से सेवानिवृत्त हुए।

बीजेपी, कांग्रेस और AAP ने जताया दुख

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में CM मान ने कहा कि उन्हें पातर के निधन पर गहरा दुख हुआ है। कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने उनके निधन को पंजाबी साहित्य के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वह पातर के निधन पर दुखी हैं, जिन्होंने पंजाबी भाषा की सेवा की और इसे विश्व मानचित्र(world map) पर चमकाया। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता अमरिंदर सिंह ने सोशल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रसिद्ध पंजाबी लेखक और कवि पद्मश्री सुरजीत पातर साहब के निधन से आज एक युग का अंत हो गया। उनके परिवार और दुनिया भर में लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। पंजाब ने आज एक महान शख्सियत को खो दिया है।" 

पातर के निधन से साहित्य की दुनिया में एक शून्य पैदा हुआ है- शिरोमणि अकाली दल

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पातर के निधन से साहित्य की दुनिया में एक शून्य पैदा हुआ है। बादल ने कहा, "शिव बटालवी के बाद पातर साहब पंजाबियों के सबसे लोकप्रिय कवि थे। मैं उनके परिवार और उनके शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

ये भी पढ़ें- 

CUET UG 2024 के लिए कब जारी होंगे एडमिट कार्ड, 15 मई से हैं एग्जाम

GSEB 10th Result 2024: जारी हुए गुजरात बोर्ड 10वीं के परिणाम, यहां डायरेक्ट लिंक से करें चेक
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।