केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब में NDA की सरकार बनने के दावे पर आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी और अकाली दल अपने दम पर पंजाब में सरकार बनाने के दावे करते थे, लेकिन अब NDA की सरकार बनने की बात कर रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि इससे पता चलता है कि दोनों ही पंजाब में सरकार बनाने की स्थिति में नहीं हैं।
अमन अरोड़ा ने आगे कहा कि अगर बीजेपी और अकाली साथ भी आ जाते हैं, तब भी इनकी सरकार पंजाब में नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि क्योंकि पंजाब के लोग 2007 से 2017 तक का शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी गठबंधन का शासन भूले नहीं हैं, इसी दौरान पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टरों की शुरुआत हुई थी।
विधानसभा का सत्र 9 मिनट में स्थगित, विपक्ष ने उठाए सवाल
पंजाब विधानसभा के आज, 22 अक्टूबर के सत्र की कार्यवाही महज 9 मिनट चली। सदन में दिवंगत व्यक्तियों को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। जबकि सदन के लिए निर्धारित एजेंडे में दिनभर के कई काम सूचीबद्ध थे। सत्र के जल्द स्थगित होने पर विपक्ष ने सवाल उठाए। विपक्ष का आरोप है कि आम आदमी पार्टी सरकार विपक्ष का सामना करने से डर रही है।
अमन अरोड़ा बोले- संगरूर हादसे के कारण छोटा रखा गया सत्र
हालांकि, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि उनकी समझ के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष ने हाल ही में संगरूर में सड़क दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए आज सत्र छोटा कर दिया। उन्होंने विपक्ष को कहा कि कल सत्र में सभी काम होंगे और विपक्ष को पूरी तैयारी के साथ आना चाहिए।
बता दें कि पंजाब के संगरूर जिले के लेहरागागा में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार शेवरले मैग्नम कार ने मनरेगा मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे के शिकार हुए सभी मृतक लेहरागागा के नजदीकी गांव अलीशेर के रहने वाले बताए गए। मृतकों की पहचान करमजीत कौर, जीवन सिंह, निक्की, सरबजीत कौर, रणजीत कौर, करमजीत, रानी कौर, देशराज और तेजा राम के रूप में हुई।
ये भी पढ़ें-
'इतना अन्याय किसी परिवार के ऊपर नहीं हुआ होगा...', अखिलेश यादव ने आजम खान के लिए ऐसा क्यों कहा?
नेहा बोरा मामले में दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई जारी, मजिस्ट्रेट के नोटिस को दी है चुनौती