1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पुलिस ने 4 नाबालिग समेत 9 को पकड़ा; बड़ी साजिश नाकाम

पंजाब में ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पुलिस ने 4 नाबालिग समेत 9 को पकड़ा; बड़ी साजिश नाकाम

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 05, 2026 09:42 am IST,  Updated : Aug 05, 2026 09:53 am IST

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने ISI समर्थित सीमा-पार के दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। ऑपरेशन के दौरान, चार नाबालिगों सहित नौ आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से तीन पिस्तौल, चार पेट्रोल बम और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए।

आरोपियों के पास से बरामद हथियार- India TV Hindi
आरोपियों के पास से बरामद हथियार Image Source : X@CPAMRITSAR

अमृतसर: पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब पुलिस ने ISI समर्थित सीमा-पार के दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। तरनतारन के पट्टी निवासी वंश कुमार (19) और अनमोल सिंह (20), अमृतसर निवासी हरमन सिंह (24), सुखदेव सिंह (30) और सुखमन सिंह (19)  के पास से तीन अवैध पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस, चार पेट्रोल बम और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। 

भुल्लर ने कहा कि आरोपी ISI हैंडलर्स के कहने पर आतंकी गतिविधियों के लिए स्थानीय युवाओं को भर्ती करने और सुरक्षा ठिकानों की निगरानी करने की कोशिश कर रहे थे। एक अलग ऑपरेशन में, पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से .32 बोर की देसी पिस्तौल, दो पेट्रोल बम और एक लाइटर बरामद किया। 

रेलवे ट्रैक के पास सर्विलांस कैमरे लगाए थे 

शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे ISI हैंडलर्स के निर्देशों पर काम कर रहे थे। वे स्थानीय युवाओं को असामाजिक गतिविधियों में शामिल करने, सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नज़र रखने, अवैध हथियार हासिल करने और सार्वजनिक शांति व कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। जांच में यह भी पता चला कि रेलवे ट्रैक के पास सर्विलांस कैमरे लगाए गए थे और उनका फुटेज कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ साझा किया जा रहा था। इस संबंध में, अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिविजन पुलिस स्टेशनों में FIR दर्ज की गई हैं और आगे की जांच जारी है।

डीजीपी ने दी ये जानकारी

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि ISI समर्थित नेटवर्क के बाकी सदस्यों की पहचान करने, इसके आगे-पीछे के कनेक्शन का पता लगाने, पैसों के लेन-देन की जांच करने और अन्य आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है। पुलिस ने तीन गैर-कानूनी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पेट्रोल से भरी चार बोतलें भी बरामद कीं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर देसी बम के तौर पर किया जाना था।

जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम जानकारी मिली। आरोपियों ने कथित तौर पर इलाके में आवाजाही पर नज़र रखने के लिए रेलवे ट्रैक के पास CCTV कैमरे लगाए थे। रिकॉर्ड किया गया फुटेज कथित तौर पर विदेश में ISI हैंडलर्स को भेजा जाता था ताकि वे संवेदनशील जगहों पर नज़र रख सकें। बता दें कि पंजाब में अक्सर हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है।

 

ये भी पढ़ेंः घर के अंदर बना रखा था देसी शराब का कुआं, पंप से निकालकर ग्राहकों को बेचते थे, चाचा गिरफ्तार पर भतीजा फरार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।