1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. घर के अंदर बना रखा था देसी शराब का कुआं, पंप से निकालकर ग्राहकों को बेचते थे, चाचा गिरफ्तार पर भतीजा फरार

घर के अंदर बना रखा था देसी शराब का कुआं, पंप से निकालकर ग्राहकों को बेचते थे, चाचा गिरफ्तार पर भतीजा फरार

 Published : Jul 31, 2026 01:54 pm IST,  Updated : Jul 31, 2026 02:53 pm IST

आरोपियों ने घर के अंदर बड़ी-बड़ी टंकियां बना रखी थी। इनके ऊपर पंप भी लगे थे। पंप से शराब निकालकर ग्राहकों को दी जाती थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Liqour- India TV Hindi
घर के नीचे छिपी शराब की टंकियां Image Source : REPORTER INPUT

पंजाब में कपूरथला पुलिस और एक्साइज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के गांव न्यापिंड भठ्ठा में अवैध शराब के कारोबार का ऐसा खुलासा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर गांव में स्थित दो घरों पर छापेमारी की। ये दोनों घर रिश्ते में चाचा और भतीजे के बताए जा रहे हैं। जब पुलिस टीम घर के अंदर पहुंची तो शुरुआती तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया। लेकिन जैसे ही अधिकारियों ने गहन जांच शुरू की, तो उन्हें फर्श के नीचे छिपा ऐसा जखीरा मिला, जिसने पूरे मामले की तस्वीर ही बदल दी।

दरअसल, आरोपियों ने अपने घरों में लगी टाइलों के नीचे बड़ी-बड़ी टंकियां बनवा रखी थीं। इन टंकियों में भारी मात्रा में अवैध देसी शराब छिपाकर रखी गई थी। इतना ही नहीं, शराब को बाहर निकालने के लिए बाकायदा पंप भी लगाए गए थे, ताकि जरूरत पड़ने पर आसानी से शराब निकाली जा सके और किसी को इस गुप्त ठिकाने की भनक तक न लगे। पुलिस ने जब टाइलों को हटवाया तो नीचे बनी इन टंकियों से अवैध शराब बरामद हुई। इस पूरी कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए, क्योंकि शराब छिपाने का यह तरीका बेहद अलग और सुनियोजित था।

चाचा गिरफ्तार, भतीजा फरार

पुलिस के मुताबिक, जिन दो घरों में यह अवैध शराब बरामद हुई, वे चाचा अजीत सिंह और उसके भतीजे सुखजीत सिंह के हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भतीजा सुखजीत सिंह मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहले भी कई बार रेड कर चुकी थी पुलिस

इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस को पहले से ही इस अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। उन्होंने कहा कि पुख्ता इत्तिला मिलने के बाद पुलिस और एक्साइज विभाग ने संयुक्त रूप से योजना बनाकर 28 जुलाई को छापेमारी की। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई बार इन लोगों के ठिकानों पर रेड की गई थी, लेकिन हर बार कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा, क्योंकि शराब को इतनी चालाकी से फर्श के नीचे बनी टंकियों में छिपाया गया था कि किसी को शक तक नहीं होता था। इस बार गुप्त सूचना के आधार पर जब टाइलों को हटाकर जांच की गई, तब पूरा मामला सामने आ गया।

पूरे नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस

एसपी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि अवैध शराब का यह नेटवर्क काफी समय से संचालित होने की आशंका है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। एक्साइज विभाग भी इस पूरे मामले में अपनी जांच आगे बढ़ा रहा है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचा जा सके। सुखजीत सिंह के घर में बाथरूम और रसोई के फर्श के नीचे ड्रमों (टैंकों) में छिपाकर रखी गई 2,79,820 एमएल अवैध शराब बरामद की गई। वहीं, अजीत सिंह के घर से में बाथरूम और रिहायशी कमरों के फर्श के नीचे से 11,250 एमएल अवैध शराब बरामद की गई।

पुलिस की आमजन से अपील

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे कभी भी सस्ती या संदिग्ध स्रोतों से मिलने वाली देसी शराब न खरीदें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इस तरह की अवैध शराब अक्सर बिना किसी गुणवत्ता जांच के तैयार की जाती है और इसमें जहरीले रसायन मिले होने का खतरा रहता है। ऐसी शराब का सेवन लोगों की सेहत के लिए बेहद घातक साबित हो सकता है और कई मामलों में जान तक जा सकती है। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या एक्साइज विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समाज को इस खतरनाक कारोबार से बचाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

(कपूरथला से परमजीत सिंह रंगपुरी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

स्कूल में डांट पड़ने से नाराज छात्र ने प्रिंसिपल पर किया हमला, फिर VIDEO बनाकर सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल

पंजाब में बॉर्डर इलाकों में हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ड्रग्स के साथ 2 लोग गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।