पंजाब के संगरूर में नेशनल हाईवे पर दिन-दहाड़े लूट का वीडियो सामने आया है। नशेड़ी लुटेरों ने सुबह-सुबह साइकिल चला रहे लोगों पर हमला किया। हालांकि, वह साइकिल सवारों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा पाए। पूरी घटना साइकिल में लगे डैश कैम में रिकॉर्ड हो गई। घटना बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर हुई। चलती गाड़ी से बाहर निकलकर हमलावर ने साइकिल सवारों पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान हमलावरों की गाड़ी आगे आ जाने के कारण एक साइकिल सवार गाड़ी से टकरा गया और साइकिल से गिर गया।
साइकिल सवारों ने हाईवे से गुजर रहे अन्य लोगों को रोक दिया। इसके बाद हमलावर गाड़ी लेकर फरार हो गए। सदर संगरूर के एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि मिली शिकायत के अनुसार नशेड़ियों द्वारा लूट की कोशिश के चलते हमला किया गया था। मोबाइल और नकदी छीनने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने गाड़ी को पकड़ लिया है। गाड़ी पुलिस कब्जे में है, लेकिन मौके से हमलावर फरार हो गए। उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पीड़ित ने सुनाई आपबीती
लूट का शिकार हुए साइकिल सवार राजकुमार ने बताया कि वह संगरूर के मुख्यमंत्री भगवंत मान के घर से कुछ आगे बठिंडा-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भवानीगढ़ की ओर साइकिल चला रहे थे। सुबह के 5:30 बजे अज्ञात कार सवारों ने उन पर हमला कर दिया। वे दो समूहों में साइकिल चला रहे थे, जिनमें तीन लोग पीछे और दो लोग आगे थे। उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने हम पर हमला किया फिर हमारे दो साथियों ने उन पर हमला किया, जिससे वे राजकुमार का फोन छीनने में कामयाब हो गए। उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार, उन्होंने एक गांव में कुछ लोगों पर भी हमला किया। राजकुमार ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से अपने समूह के साथ साइकिल चला रहे हैं, लेकिन यह पहली घटना है और इस समय वे बहुत डरे हुए हैं।
पुलिस अधिकारी का बयान
सदर बलियान पुलिस स्टेशन के एसएचओ अवतार सिंह ने मीडिया को बताया कि उन्हें सुबह करीब 5 बजे फोन आया, जिसमें बताया गया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला किया है। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और लुटेरों का पीछा किया। कुछ दूरी पर उन्हें बताया गया कि उन्होंने लुटेरों का एक वाहन बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा, साइकिल चलाते समय जिसका फोन चोरी हो गया था, राजकुमार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अपराधियों की लगातार तलाश जारी है।
(संगरूर से परवीन ऋषि की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-