1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने पर होशियारपुर में बवाल, खालिस्तानी नेता पन्नू पर आरोप

डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने पर होशियारपुर में बवाल, खालिस्तानी नेता पन्नू पर आरोप

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 11, 2025 07:55 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 08:03 pm IST

होशियारपुर के नूरपुर जट्टान गांव में स्थापित डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी गई। इस घटना को लेकर दलित संगठनों और राजनीतिक दलों में भारी रोष है।

खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू- India TV Hindi
खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू Image Source : FILE PHOTO

पंजाब के होशियारपुर जिले के नूरपुर जट्टान गांव में स्थापित डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा को कथित तौर पर खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू के आदेश पर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। बुधवार को सामने आई इस घटना के बाद से दलित संगठनों और राजनीतिक दलों में भारी रोष है।

माहिलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनदीप सिंह ने बताया कि आंबेडकर प्रतिमा के दोनों हाथ क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। इस घटना के संबंध में चब्बेवाल के भूनो गांव के निवासी और 'आंबेडकर सेना ऑफ इंडिया' के महासचिव कुलवंत सिंह भूनो की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

पन्नू ने ली घटना की जिम्मेदारी

प्राथमिकी के अनुसार, कुलवंत सिंह भूनो को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के जरिए इस घटना के बारे में पता चला। चौंकाने वाली बात यह है कि प्रतिबंधित संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' के खालिस्तान समर्थक नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सोशल मीडिया पर इस घटना की जिम्मेदारी ली है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। यह प्रतिमा नूरपुर जट्टान गांव में बख्शी राम के परिवार की जमीन पर स्थित है और गांव के कुछ प्रमुख परिवार इसकी देखभाल करते रहे हैं।

पन्नू और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज

होशियारपुर के पुलिस अधीक्षक (जांच) डॉ. मुकेश कुमार ने जानकारी दी है कि पन्नू और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ माहिलपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 (पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाना या अपवित्र करना) और 61 (2) (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

बसपा नेता ने दी चेतावनी 

इस घटना की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख और राज्यसभा के पूर्व सदस्य अवतार सिंह करीमपुरी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस कृत्य को समाज में विभाजन पैदा करने और सामाजिक समरसता को भंग करने का प्रयास बताया। बसपा नेता ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पार्टी गढ़शंकर में बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही, बसपा ने पंजाब सरकार से आंबेडकर की मूर्तियों के लिए सुरक्षा घेरा मुहैया कराने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

"पाकिस्तान में जनरल और टेररिस्ट में कोई फर्क नहीं, पक्ष में कोई खाड़ी देश नहीं आया", रविशंकर प्रसाद का Exclusive इंटरव्यू

इंस्टाग्राम की दीवानी पत्नी, पति ने रील्स बनाने से रोका तो 2 फॉलोवर्स हो गए कम, शिकायत लेकर पहुंच गई थाने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।