1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इंस्टाग्राम की दीवानी पत्नी, पति ने रील्स बनाने से रोका तो 2 फॉलोवर्स हो गए कम, शिकायत लेकर पहुंच गई थाने

इंस्टाग्राम की दीवानी पत्नी, पति ने रील्स बनाने से रोका तो 2 फॉलोवर्स हो गए कम, शिकायत लेकर पहुंच गई थाने

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 11, 2025 06:20 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 06:27 pm IST

हापुड़ से पति और पत्नी के बीच लड़ाई का एक अनोखा मामला सामने आया है। पति ने इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने से रोका तो पत्नी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच गई।

पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची पत्नी- India TV Hindi
पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची पत्नी

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से पति-पत्नी के विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। दरअसल, पत्नी इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने की शौकीन है, लेकिन पति ने जब इस पर रोक लगाई तो मामला थाने तक पहुंच गया। अपने पति के खिलाफ शिकायत लेकर पत्नी सीधे हापुड़ पुलिस के पास पहुंच गई और कार्रवाई की मांग करने लगी।

फॉलोवर्स कम होने पर हुई लड़ाई

प्रकरण सामने आने के बाद हापुड़ पुलिस के अधिकारियों ने पति-पत्नी को महिला थाने में काउंसलिंग के लिए भेज दिया। काउंसलिंग के दौरान पत्नी ने बताया कि उसके पति ने इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने से रोक दिया था, जिसके चलते उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से दो फॉलोवर्स कम हो गए। इसके बाद दोनों में झगड़ा शुरू हो गया।

पति बोला- घर का काम नहीं करती

इस मामले में पति द्वारा भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई, जिसमें उसने बताया कि वह जनपद गौतम बुद्ध नगर का रहने वाला है और उसकी शादी जनपद हापुड़ के पिलखवा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली निशा पुत्री साहब सिंह से हुई थी। शिकायती पत्र में पति ने बताया कि उसकी पत्नी छोटी-छोटी बात पर झगड़ा करती है और बहुत ज्यादा सोशल मीडिया पर रील देखती है। इंस्टाग्राम पर अलग-अलग प्रकार के वीडियो बनाकर डालती है, जिसके चलते घर के बाकी काम नहीं करती और अगर उसके फॉलोवर कम हो जाते हैं, तो बहुत ज्यादा झगड़ा करती है, घर में क्लेश करती है।

फॉलोवर कम होने पर खाना नहीं खाती

पति के अनुसार, पत्नी पर इंस्टाग्राम की दीवानगी इस कदर सवार है कि यदि उसके फॉलोवर कम हो जाएं तो वह खाना तक नहीं खाती और अगर उसे कुछ बोला जाता है तो वह झूठे दहेज के केस में फंसने की धमकी देती है। पति ने बताया कि इसे लेकर पहले 2 फरवरी और 26 फरवरी को भी विवाद हो चुका है, लेकिन समझौता होने के बाद भी उसकी पत्नी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही।

पति-पत्नी दोनों की हुई काउंसलिंग

पति बिजेंद्र ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा पति-पत्नी को काउंसलिंग के लिए महिला थाने भेज दिया गया, जहां परिवार परामर्श केंद्र पर उनकी काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के बाद दोनों को समझा-बुझाकर अपने दांपत्य जीवन को जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया और उनका समझौता करा कर उन्हें वापस भेज दिया गया।

घटना को लेकर डीएसपी ने क्या कहा? 

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि महिला थाने पर पति-पत्नी के संबंध में एक प्रकरण आया था, जिसमें पति ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम काफी चलाती है और रील्स बनाती है, जिसके कारण घर का कोई काम नहीं करती और घर का काम प्रभावित होता है। वहीं, पत्नी द्वारा आरोप लगाया गया कि जब वह घर के काम में व्यस्त हो जाती है तो उसकी इंस्टाग्राम पर रील्स अपलोड नहीं हो पाती हैं और उसके फॉलोवर्स कम हो जाते हैं। इसी को लेकर दोनों में वाद-विवाद था। डीएसपी शर्मा ने बताया कि महिला थाने पर दोनों की काउंसलिंग की गई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी गलती स्वीकार करते हुए आपस में सुलह किया और हंसी-खुशी जीवन बिताने का वादा किया।

(रिपोर्ट- निशांक शर्मा)

ये भी पढ़ें-

कश्मीर में गेमचेंजर साबित हो रही वंदे भारत एक्सप्रेस, फिर टूरिस्टों से गुलजार हुई घाटी, 4 दिनों के आंकड़े चौंका देंगे

"पाकिस्तान में जनरल और टेररिस्ट में कोई फर्क नहीं, पक्ष में कोई खाड़ी देश नहीं आया", रविशंकर प्रसाद का Exclusive इंटरव्यू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।