1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भरतपुर में भीषण सड़क हादसा, बस से भिड़त में कार के उड़े परखच्चे; 6 लोगों की दर्दनाक मौत

भरतपुर में भीषण सड़क हादसा, बस से भिड़त में कार के उड़े परखच्चे; 6 लोगों की दर्दनाक मौत

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 11, 2023 01:06 pm IST,  Updated : Sep 11, 2023 01:07 pm IST

भरतपुर जिले में रविवार देर रात बस और कार में भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में दो परिवारों के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह पिचक गई है।

सड़क हादसे में डैमेज हुई कार- India TV Hindi
सड़क हादसे में डैमेज हुई कार

राजस्थान के भरतपुर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बस और कार में भिड़ंत हो गई, जिसमें दो परिवारों के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह पिचक गई है। मृतक सहित अन्य लोग धौलपुर लौट रहे थे, तभी देर रात रूपबास थाना इलाके में यह भीषण हादसा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे के शिकार हुए पीड़ितों के परिजनों को सूचना दी। 

मौके पर दो सांड मृत मिले 

पुलिस ने बताया कि रूपबास थाना क्षेत्र में यह हादसा रविवार देर रात करीब 1:00 बजे एक कार और निजी बस की टक्कर के कारण हुआ। पीड़ित खाटू श्यामजी मंदिर (सीकर) से धौलपुर जिले में अपने घर लौट रहे थे। थाना प्रभारी बने सिंह ने बताया कि मौके पर दो सांड भी मृत पाए गए। पहली नजर में सांडों के आपस में लड़ने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। 

पुलिस थाने के पास हुआ हादसा

बने सिंह ने बताया कि इस हादसे में हरेंद्र सिंह (32), उनकी पत्नी ममता (30), उनकी बेटी जान्हवी (छह), ममता की बहन सुधा (35), उनके पति संतोष (37) और उनके बेटे अनुज (पांच) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसा पुलिस थाने के पास हुआ और टक्कर के तुरंत बाद पुलिस एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनमें से छह को मृत घोषित कर दिया गया। 

कार सवार एक बच्चे को नहीं लगी चोट

इस हादसे में दो लोग घायल हो गए जिनकी पहचान आयशा (16) और भावेश (15) के रूप में की गई है और कार सवार एक वर्षीय बच्चे को कोई चोट नहीं लगी। उन्होंने कहा कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

- कपिल चीमा की रिपोर्ट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।