राजस्थान के दूदू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग से नाराज होकर एक महिला के ससुर और जेठ ने प्रेमी-प्रेमिका को आग के हवाले कर दिया। ज्वलंतशील पदार्थ छिड़ककर लगाई गई। इस आग से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
टपरी में दोनों को साथ देख लिया
यह घटना दूदू जिले के मौखमपुरा थाना क्षेत्र के बाडोलाव गांव में शनिवार देर रात घटित हुई। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कैलाश और महिला गांव के खेत में बनी एक टपरी (झोपड़ी) में एक साथ थे। पीड़ित कैलाश ने पुलिस को दिए बयान में महिला के ससुर बिरदी चंद और जेठ गणेश पर आरोप लगाए हैं। आरोपियों ने दोनों को टपरी में एक साथ देखा। प्रेम संबंध से नाराज दोनों आरोपियों ने गुस्से में आकर इस भयावह वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने ज्वलंतशील पदार्थ छिड़ककर टपरी में आग लगा दी, जिससे दोनों प्रेमी-प्रेमिका ज़िंदा जलने की कगार पर पहुंच गए।
प्रेम प्रसंग से नाराज थे परिजन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक और महिला के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे महिला के परिजन नाराज थे। अचानक उठी आग की लपटों और चीख-पुकार से गांव में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से झुलसे दोनों पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने हिरासत में लिए 3-4 लोग
दोनों घायल प्रेमी-प्रेमिकाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और इस सिलसिले में 3 से 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
ये भी पढ़ें-
तूफान 'दित्वाह' का भारत के इन राज्यों में दिखेगा असर, खतरा को देखते हुए जारी हुआ अलर्ट