1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. प्रयागराज के बाद खाटूश्यामजी में उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालु निशान यात्रा में शामिल

प्रयागराज के बाद खाटूश्यामजी में उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालु निशान यात्रा में शामिल

 Published : Mar 06, 2025 06:33 pm IST,  Updated : Mar 06, 2025 06:53 pm IST

राजस्थान के खाटूश्यामजी में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं। विश्वप्रसिद्ध सूरजगढ़ निशान आज खाटूश्यामजी के लिए रवाना हो गया।

 खाटूश्यामजी में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब- India TV Hindi
खाटूश्यामजी में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब Image Source : INDIA TV

झुंझुनूंः विश्व पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ चुके प्रयागराज महाकुंभ के बाद अब राजस्थान के खाटूश्यामजी में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। श्रद्धा और आस्था का प्रतीक विश्वप्रसिद्ध सूरजगढ़ निशान आज खाटूश्यामजी के लिए रवाना हो गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक निशान यात्रा में शामिल हुए। खाटूश्यामजी स्थित बाबा श्याम के शिखर पर हर साल फाल्गुन माह की द्वादशी के दिन सूरजगढ़ निशान चढ़ाया जाता है, जो सैकड़ों सालों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है।

 
सूरजगढ़ निशान की भव्य रवानगी

श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति भाव के माहौल के बीच झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ निशान को विधिवत पूजा-अर्चना कर रवाना किया गया। राजस्थान की समृद्ध परंपरा को संजोए ऊंट गाड़ियों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ श्रद्धालु खाटूश्यामजी के लिए निकले। खास बात यह रही कि सैकड़ों महिलाएं सिर पर जलते अंगारों की सिगड़ी रखकर पदयात्रा में शामिल हुईं, जो उनकी गहरी आस्था और दृढ़ निष्ठा को दर्शाता है।

शेखावाटी अंचल हुआ श्याममय

बता दें राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेले का आगाज हो चुका है। देश के कोने-कोने से लाखों को तादाद में श्रद्धालु खाटूश्यामजी पहुंच रहे है। बात करें शेखावाटी अंचल की तो शेखावाटी के तीनों जिले सीकर, झुंझुनूं व चूरू बाबा श्याम के रंग में रंगे नजर आ रहे है। हर ओर बाबा श्याम के जयकारे गूंज रहे हैं। 

खाटूश्यामजी में उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ 

हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटूश्यामजी पहुंचते हैं। खासतौर पर द्वादशी के दिन बाबा श्याम के शिखर पर सूरजगढ़ निशान लहराया जाता है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और भक्त इसे बाबा श्याम की अनुकंपा मानते हैं। कोलकाता से सूरजगढ़ पहुंचे श्याम भक्त संदीप शर्मा ने बताया की सूरजगढ़ निशान की महत्ता इतनी है कि कोलकाता व काठमांडू से सैकड़ों श्रद्धालु सूरजगढ़ निशान में शामिल होकर खाटूश्यामजी पहुंचते हैं।

रिपोर्ट- अमित शर्मा, झुंझुनूं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।