1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: संघ का चल रहा था खीर खिलाने का कार्यक्रम, तभी बाहर से आए बाप-बेटे ने शुरू की चाकूबाजी, 8 कार्यकर्ता घायल-VIDEO

राजस्थान: संघ का चल रहा था खीर खिलाने का कार्यक्रम, तभी बाहर से आए बाप-बेटे ने शुरू की चाकूबाजी, 8 कार्यकर्ता घायल-VIDEO

 Reported By: Manish Bhattacharya, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 18, 2024 07:28 am IST,  Updated : Oct 18, 2024 08:11 am IST

जयपुर के दशहरा मैदान में गुरुवार रात संघ की ओर से खीर खिलाने का आयोजन हो रहा था। तभी वहां चाकूबाजी की घटना हो गई। कई संघ के कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुरुवार रात संघ के कार्यक्रम में चाकूबाजी- India TV Hindi
गुरुवार रात संघ के कार्यक्रम में चाकूबाजी Image Source : INDIA TV

राजस्थान की राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक (RSS) के एक कार्यक्रम में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। गुरुवार देर रात संघ के कार्यकर्ता करणी विहार इलाके में दशहरा मैदान में शरद पूर्णिमा उत्सव मना रहे थे। इसी कार्यक्रम में खीर खिलाने का कार्यक्रम चल रहा था। 

हनुमान चालीसा पर जताया विरोध

शिव मंदिर में संघ का खीर उत्सव चल रहा था। इस दौरान संघ कार्यकर्ता जयघोष लगा रहे थे। इस पर पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने एतराज जताया तो संघ कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा शुरू कर दी। इसके बाद बाप-बेटे आए और संघ के कार्यक्रम में चाकूबाजी शुरू कर दी। इसमें संघ के 7-8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

विरोध के बाद भारी पुलिस बल को किया गया तैनात

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, निम्बार्क नगर के संघ कार्यकर्ता का शरद पूर्णिमा उत्सव मना रहे थे। इस घटना के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, जिसके बाद कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए करणी विहार में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया।

चाकू और अन्य हथियार लेकर आए हमलावर- बीजेपी नेता

वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि आरएसएस के शरद पूर्णिमा कार्यक्रम में खीर बांटी जा रही थी, तभी चाकू और अन्य हथियारों से लैस हमलावरों ने सभा में घुसकर लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। बीजेपी नेता चतुर्वेदी ने कहा कि घायलों का इलाज चल रहा है। 

हमलावरों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई 

कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर भी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने संघ के घायल कार्यकर्ताओं से उनका हालचाल जाना। इस चाकूबाजी की घटना पर कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।