1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. डंपर ने बुजर्ग को कुचला, भड़के ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव; थानाधिकारी समेत कई जवान लहूलुहान

डंपर ने बुजर्ग को कुचला, भड़के ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव; थानाधिकारी समेत कई जवान लहूलुहान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 08, 2026 01:17 pm IST,  Updated : Mar 08, 2026 01:24 pm IST

डंपर की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मेहाड़ा–निजामपुर सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया और मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया।

तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से वृद्ध की मौत- India TV Hindi
तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से वृद्ध की मौत Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मेहाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने न केवल सड़क जाम की, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भारी पथराव भी कर दिया। इस हमले में मेहाड़ा थानाधिकारी और खेतड़ी सीआई सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहाड़ा निवासी धूडाराम (70) शनिवार देर रात सड़क किनारे थे, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद डंपर चालक वाहन सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

जाम और पुलिस पर हमला

हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोगों ने मेहाड़ा–निजामपुर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मेहाड़ा पुलिस और खेतड़ी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, माहौल तब बिगड़ गया जब कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव में खेतड़ी सीआई मोहन पोसवाल घायल
Image Source : REPORTER INPUTपथराव में खेतड़ी सीआई मोहन पोसवाल घायल

घायल पुलिसकर्मी

  • राम मनोहर: थानाधिकारी, मेहाड़ा
  • मोहन पोसवाल: सीआई, खेतड़ी
  • इसके अलावा दो अन्य पुलिस जवान भी इस पथराव में चोटिल हुए हैं।

देर रात तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता मंगवाकर स्थिति को संभाला। पथराव करने और माहौल बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने समझाइश कर जाम खुलवाया और मृतक धूडाराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए खेतड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

PM मोदी की दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की सौगात, मेट्रो के 2 नए कॉरिडोर का करेंगे उद्घाटन

सिगरेट के 7 रुपये मांगने पर हैवानियत... युवक ने दुकानदार की उंगली दांत से काटकर किया अलग, जमीन पर गिरा टुकड़ा

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।