अजमेर विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात व्यक्ति अचानक परिसर में स्थित ऐतिहासिक 'बड़ी देग' में कूद गया। इस घटना ने न केवल जायरीन को चौंका दिया, बल्कि दरगाह की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी पोल खोलकर रख दी है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को बड़ी देग में कूदकर पैसे बीनते हुए देखा जा सकता है। खादिम के साथ हाथापाई की घटना भी कैमरे में कैद हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देग में कूदने के बाद वह व्यक्ति वहां चढ़ावे के रूप में आए रुपयों को दोनों हाथों से बटोरने लगा। उसे देखते ही पास खड़ा एक खादिम भी तुरंत देग के अंदर कूद गया। खादिम ने उस व्यक्ति के हाथों से पैसे छीनने का प्रयास किया और देखते ही देखते देग के भीतर ही मारपीट शुरू हो गई। खादिम द्वारा अज्ञात व्यक्ति की पिटाई का यह दृश्य देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
आरोपी को पुलिस के हवाले किया
काफी हंगामे के बाद वहां मौजूद लोगों और अन्य कर्मियों ने बीच-बचाव किया। और उस व्यक्ति को खींचकर देग के बाहर निकाल बाद में उक्त अज्ञात व्यक्ति को पकड़कर दरगाह थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल व्यक्ति की पहचान और उसके इस कदम के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
सुरक्षा पर खड़े हुए गंभीर सवाल
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने दरगाह प्रशासन और पुलिस की सतर्कता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि कड़ी सुरक्षा के दावों के बीच कोई अज्ञात व्यक्ति अति-संवेदनशील मानी जाने वाली 'बड़ी देग' तक कैसे पहुंच गया और वहां मारपीट की नौबत कैसे आई।
अजमेर दरगाह में हैं दो देग
दरगाह परिसर में दो देग हैं। एक छोटी और एक बड़ी। छोटी देग में रोज चावल पकाए जाते हैं जो आने वाले जायरानों में बांटे जाते हैं। वहीं बड़ी देग में आने वाला जायरीन अपनी मन्नत पूरी होने पर अपनी इच्छा अनुसार खाद्य सामग्री के साथ-साथ ज्वेलरी और नगद रुपए चढ़ाता है। यह घटना बड़ी देग की है, जिसमें अज्ञात व्यक्ति कूदा था।
(अजमेर से राजकुमार वर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
RPSC ने रद्द की SI भर्ती परीक्षा-2021, सितंबर में दोबारा होगा एग्जाम; जानें किसे मिलेगा मौका