1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शादी समारोह में मिठाई खाना बन गई सबसे बड़ी गलती! स्वाद के चक्कर में 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ी

शादी समारोह में मिठाई खाना बन गई सबसे बड़ी गलती! स्वाद के चक्कर में 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ी

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 09, 2026 06:43 am IST,  Updated : May 09, 2026 06:47 am IST

राजस्थान में मिठाई खाने की वजह से 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। हालात ये हो गए कि तमाम लोगों को हॉस्पिटल जाना पड़ा। मिली जानकारी के मुताबिक, इन लोगों ने एक शादी समारोह में मिठाई खाई थी।

Sweets- India TV Hindi
मिठाई Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE PIC

जयपुर: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह में मिठाई खाना लोगों को महंगा पड़ गया है। मिठाई खाकर यहां बच्चों समेत 100 लोगों की तबीयत बिगड़ गई है और पीड़ितों को हॉस्पिटल में एडमिट करवाना पड़ा है।

क्या है पूरा मामला?

मामला राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में शुक्रवार का है। यहां एक शादी समारोह में मिठाइयां खाकर 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत खराब हो गई, जिसमें कई लोगों को हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। घटना विराटनगर इलाके के ढाणी गैसकान में हुई। मिठाई खाने के बाद लोगों को उल्टी और पेट दर्द की समस्या होने लगी, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। करीब 105 ग्रामीण पीड़ित बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह में बनी मिठाइयां बांटी जा रही थीं। ऐसे में 105 लोगों ने मिठाई चखने के बाद उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की। बीमारों को आतेला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एडमिट करवाया गया, जिनमें से कुछ लोगों की हालत बिगड़ने से उन्हें शाहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। 

अधिकारी ने क्या बताया?

इस मामले में उपखंड अधिकारी कपिल कुमार उपाध्याय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि ज्यादातर मरीज खतरे से बाहर हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं और उनकी जांच के लिए उन्हें लेबोरेटरी भेजा गया है। 

उन्होंने ये भी बताया कि जैसे ही ये मामला प्रकाश में आया तो सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और मामले की जांच शुरू की जा चुकी है।

जानकारों का कहना है कि गर्मी के मौसम में अगर आप कुछ भी बाहर खा रहे हैं तो उसे जांच-परख लें। साफ-सफाई से बनी हुई चीजें ही खरीदें और खुले हुए खाने से बचें। अगर साफ-सफाई का ध्यान नहीं दिया गया तो गर्मी के मौसम में आपका खान-पान आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।