1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. VIDEO: दिनदहाड़े दहशत फैलानेवालों की निकली हेकड़ी, सिर झुकाकर माफी मांगते दिखे, पुलिस ने कराई परेड

VIDEO: दिनदहाड़े दहशत फैलानेवालों की निकली हेकड़ी, सिर झुकाकर माफी मांगते दिखे, पुलिस ने कराई परेड

 Published : Jul 20, 2025 09:35 pm IST,  Updated : Jul 20, 2025 10:00 pm IST

परेड के दौरान आरोपी हथकड़ियों में आमजन के बीच सिर झुकाए हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। यह परेड सूरजगढ़ बाजार, मुख्य चौक, अनाज मंडी और बस स्टैंड क्षेत्र में निकाली गई।

Jhunjhunu- India TV Hindi
मारपीट कर दहशत फैलाने वाले आरोपियों की निकाली परेड Image Source : REPORTER INPUT

झुंझुनूं: कहावत है कि बुरे का अंजाम बुरा ही होता है। इसलिए इंसान को अपनी हद में रहना चाहिए। लेकिन झुंझनूं में हदें पार कर दिनदहाड़े दहशत फैलानेवाले बदमाशों की पुलिस ने हेकड़ी निकाल दी। झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ में काकोड़ा सरपंच संदीप कुमार और उनके साथी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने रविवार शाम आरोपियों की शहर में परेड करवाई। परेड के दौरान आरोपी हथकड़ियों में आमजन के बीच सिर झुकाए हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। यह परेड सूरजगढ़ बाजार, मुख्य चौक, अनाज मंडी और बस स्टैंड क्षेत्र में निकाली गई।

थाना प्रभारी धर्मेंद्र मीणा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें शेर सिंह उर्फ भुणिया, सुरेंद्र सिंह, विजय कुमार, राहुल उर्फ बाबा, अरुण कुमार व जलेसिंह शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड पर भेजा गया है।

15 जुलाई की घटना ने मचाई थी सनसनी

घटना 15 जुलाई की है, जब सरपंच संदीप कुमार और कॉलेज संचालक देवीसिंह ब्रेजा गाड़ी से मंडी की ओर जा रहे थे। तभी दो केम्पर और एक बोलेरो में सवार दर्जनभर से ज्यादा हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लाठी, डंडों व सरियों से हमला कर दिया। गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता 

कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक (SP) देवेंद्र सिंह राजावत, चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल और थानाधिकारी मीणा के निर्देशन में गठित टीमों ने सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को दबोचा। अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

थानाधिकारी मीणा ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। भविष्य में ऐसी हरकत करने वालों के साथ भी यही सख्ती बरती जाएगी। साथ ही आमलोगों को भरोसा दिलाया गया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट-अमित शर्मा, झुंझनूं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।